क्रिकेट

NZ vs IND Final: भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मुकाबले में डेविड मिलर ने इस टीम पर लगाया दांव

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर ने भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम पर लगाया है दांव।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड

Photo : AP

दुबई: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। टूर्नामेंट का आखिरी और खिताबी मुकाबला 9 मार्च, 2025 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को और न्यूजीलैंड दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में मात देकर फाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम को एक ही मैदान पर खेलने का फायदा मिलने के लगातार और चौतरफा आरोप लग रहे हैं।

न्यूजीलैंड को मिले खिताबी जीत

ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर चाहते हैं कि भारत के खिलाफ फाइनल में न्यूजीलैंड को जीत मिले लेकिन उन्हें इस मैच के काफी करीबी होने की उम्मीद है। मिलर ने कहा,'दोनों ही बहुत अच्छी टीम हैं। भारत ने दुनिया को दिखाया है कि उनकी टीम कितनी अच्छी है। वह पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके पास वास्तव में कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं। यह शानदार मुकाबला होगा।'

न्यूजीलैंड का समर्थन करेंगे मिलर

फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड में से किसी खिताबी जीत मिले। इसके जवाब में ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ ने मिलर के हवाले से कहा, 'मैं आपके साथ ईमानदारी बरतूंगा। मुझे लगता है कि मैं न्यूजीलैंड का समर्थन करूंगा।'

फिर खिताब जीतने में नाकाम रहा दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका पिछले साल टी20 विश्व कप फाइनल में भारत से हार गया था और बुधवार को एक बार फिर नॉकआउट मैच में हारकर आईसीसी खिताब जीतने से महरूम रहा। सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की हार के बाद मिलर ने टूर्नामेंट के फॉर्मेट पर सवाल उठाए। कराची में ग्रुप चरण का आखिरी मैच खेलने के तुरंत बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम को अगली सुबह तड़के दुबई के लिए उड़ान पकड़नी पड़ी। हाइब्रिड मॉडल पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीमों को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए ग्रुप चरण के मैच के परिणाम आने तक दुबई में डेरा डालना पड़ा।

बार-बार यात्रा पर जाहिर की नाखुशी

दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी में शीर्ष स्थान पर रहा था और भारत के ग्रुप ए में चोटी पर रहने के कारण उसे सेमीफाइनल खेलने के लिए वापस पाकिस्तान लौटना पड़ा। न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की 50 रन की हार के दौरान शतक जड़ने वाले मिलर ने कहा कि कार्यक्रम आदर्श नहीं है। मिलर ने कहा,'यह भले ही एक घंटे और 40 मिनट की उड़ान है लेकिन कहने का मतलब यह है कि हमें ऐसा करना पड़ा। मैच के तुरंत बाद अगली सुबह हमें तड़के विमान पकड़ना पड़ा ताकि हम सही समय पर दुबई पहुंच सके। और सुबह 7.30 बजे हमें वापस आना पड़ा। यह अच्छी स्थिति नहीं थी। ऐसा नहीं है कि हमने पांच घंटे की उड़ान भरी और हमारे पास मैच के लिए पूरी तरह तैयार होने के लिए पर्याप्त समय था। लेकिन फिर भी यह कोई आदर्श स्थिति नहीं थी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article