क्रिकेट

इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज को भारतीय महिला टीम का बैटिंग कोच नियुक्त किया गया, पोवार गए एनसीए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 6, 2022, 03:51 PM IST

Hrishikesh Kanitkar appointed as batting coach of Indian women team: भारत के पूर्व बल्लेबाज ऋिषिकेश कनिटकर को बीसीसीआई ने मंगलवार को भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। वहीं रमेश पोवार राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में शामिल होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इसको लेकर ट्वीट किया है।

Image

ऋिषिकेश कनिटकर (BCCI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर ऋिषिकेश कनिटकर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। कनितकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 दिसंबर से मुंबई में शुरू हो रही पांच टी20 अंंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज से भारतीय महिला टीम के साथ जुड़ जाएंगे। वहीं, बीसीसीआई द्वारा ये भी फैसला लिया गया है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार अब राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के साथ मिलकर काम करेंगे।

बीसीसीआई द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में अपनी नियुक्ति को लेकर ऋिषिकेश कनिटकर ने कहा, "सीनियर महिला क्रिकेट टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया जाना सम्मान की बात है। मुझे इस टीम में जबरदस्त संभावनाएं दिख रही हैं और हमारे पास युवाओं और अनुभव का अच्छा मिश्रण है। मेरा मानना है कि यह टीम आगे की चुनौती के लिए तैयार है। हमारे सामने कुछ बड़ी प्रतियोगिताएं आ रही हैं और ये टीम के लिए और बल्लेबाजी कोच के रूप में मेरे लिए रोमांचक होने वाला है।"

वहीं, रमेश पोवार ने एनसीए में शामिल होने पर कहा, "सीनियर महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में मेरे कार्यकाल का अनुभव शानदार रहा है। पिछले कुछ सालों में मैंने खेल के कुछ दिग्गजों और देश की उभरती प्रतिभाओं के साथ मिलकर काम किया है। एनसीए में अपनी नई भूमिका के साथ, मैं भविष्य के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने में मदद करने के लिए अपने सालों के अनुभव को आगे बढ़ाना चाहूंगा। मैं खेल और बेंच स्ट्रेंथ के विकास के लिए वीवीएस लक्ष्मण के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।”

लक्ष्मण ने पोवार के एनसीए में शामिल होने पर कहा, “रमेश पोवार के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में आने के साथ, हमें यकीन है कि वो अपनी विशेषज्ञता और अनुभव को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में लाएंगे। घरेलू, आयु-वर्ग क्रिकेट और अंतर्राष्ट्रीय सर्किट में काम करने के बाद, मुझे यकीन है कि वो खेल की बेहतरी में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। मैं एनसीए में उनकी नई भूमिका में उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।”

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article