क्रिकेट

EXPLAINER: भारत के खिलाफ हार के बाद चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा पाकिस्तान, ये है समीकरण

Champions Trophy 2025 Semi Final Equations for Pakisan: भारत ने पाकिस्तान को दुबई में खेले गए महामुकाबले में 7 विकेट के अंतर से अपनी जगह सेमीफाइनल में पक्की कर ली है। पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बेहद कम हो गई हैं। जानिए कैसे हैं पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए समीकरण?

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

Photo : AP

दुबई: मोहम्मद रिजवान की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ दुबई में खेले गए महामुकाबले में 7 विकेट के अंतर से हार करना पड़ा। पाकिस्तान की यह टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार है। टूर्नामेंट के कराची में खेले गए उद्धाटन मुकाबले में भी मेजबान पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भारत के खिलाफ उसका मुकाबला करो या मरो वाला हो गया था। भारत के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं तकरीबन खत्म हो गई हैं। पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना या नहीं पहुंचना 24 फरवरी, 2025 को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले मुकाबले पर निर्भर हो गया है।

बांग्लादेश की जीत की दुआ करेगा पाकिस्तान

न्यूजीलैंड की टीम जैसे फॉर्म में है वो ग्रुप ए से सेमीफाइनल में दूसरे स्थान के लिए अपना दावा पेश कर रही है। उसने पहले मैच में पाकिस्तान को मात देकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की और बांग्लादेश को सोमवार को कड़ी चुनौती देकर अपनी जगह सेमीफाइनल में पक्की करना चाहेगी। अगर बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड को हराने में सफल होती है तो पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट के दरवाजे खुल जाएंगे लेकिन इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड को और पाकिस्तान को बांग्लादेश को मात देनी होगी।

पाकिस्तान के लिए ऐसे हैं समीकरण

  1. बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड(24 फरवरी, 2025) मैच-बांग्लादेश की जीत जरूरी
  2. पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश( 27 फरवरी, 2025)-पाकिस्तान की बड़े अंतर से जीत जरूरी
  3. भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच(2 मार्च, 2025)-भारत की जीत जरूरी

बांग्लादेश के खिलाफ जरूरी होगी बड़े अंतर से जीत

ऐसा होने पर बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड 1-1 मैच में जीत के साथ 2-2 अंक की बराबरी पर आ जाएंगी और सेमीफाइनल में ग्रुप ए से पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। नेट रन रेट की दौड़ में सबसे आगे निकलने के लिए पाकिस्तान को बांग्लादेश को बड़े अंतर से हराना होगा। ये मैच ये पाकिस्तान के हाथ में है। लेकिन ये पाकिस्तान के मौजूदा प्रदर्शन को देखकर मुश्किल या कहें नामुमकिन ही नजर आ रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article