क्रिकेट

पाकिस्तान क्रिकेट को मिला नया हीरो, एक पारी से टूट गया बाबर-रिजवान का रिकॉर्ड

पाकिस्तान के हसन नवाज ने भारत के खिलाफ 96 रन की पारी खेली। इस पारी के दम पर उन्होंने रिजवान का 5 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। नवाज भारत के खिलाफ मैच में आखिरी गेंद तक लड़े, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाए।

Image

हसन नवाज (साभार-Instagram)

भारत-पाकिस्तान, एक ऐसा मैच जो रातों-रात आपको स्टार बना देता है। एक ऐसा मैच जिसके बाद मुल्क के लोगों के दिलों में आपकी इज्जत हमेशा-हमेशा के लिए बढ़ जाती है। शनिवार का दिन पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हसन नवाज के लिए ऐसा ही रहा। नवाज भले ही अपनी टीम को गोल्ड मेडल नहीं दिला पाए, लेकिन उन्होंने अंतिम गेंद तक जो लड़ाई लड़ी उसने उसे पाकिस्तान क्रिकेट का नया हीरो बना दिया। नवाज भले 4 रन से शतक चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी भारत के खिलाफ उन्हें हीरो बनाने के लिए काफी थी।

आखिरी गेंद तक लड़े हसन नवाज

करोगी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान के सामने 212 रन का विशाल लक्ष्य था। किसी ने नहीं सोचा होगा कि पाकिस्तान की टीम इस हद तक लड़ाई लड़ेगी, लेकिन नवाज ने अकेले अपने दम पर 19वें ओवर तक अपनी टीम को रेस में बनाए रखा। पारी की आखिरी गेंद पर हसन नवाज 51 गेंद में 5 चौके और 7 छक्के की मदद से 96 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। नतीजा पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 192 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम किया।

तोड़ दिया बाबर-रिजवान का रिकॉर्ड

हसन नवाज ने अपनी इस दमदार पारी के दम पर बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब नवाज भारत के खिलाफ पाकिस्तान के लिए इस फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने रिजवान का 5 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। रिजवान ने 2021 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत के खिलाफ नाबाद 79 रन की पारी खेली थी।

भारत के खिलाफ सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड

96 - हसन नवाज़, निशिन, 2026;

79* - मोहम्मद रिज़वान, दुबई, 2021;

71 - मोहम्मद रिज़वान, दुबई, 2022;

68* - बाबर आज़म, दुबई, 2021;

61 - मोहम्मद हाफ़िज़, बेंगलुरु, 2012

एक पारी में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड

हसन नवाज ने पाकिस्तान के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड बना दिया। 96 रन की अपनी इस पारी में उन्होंने 7 छक्के जड़े। इससे पहले पाकिस्तान के लिए यह कारनामा मोहम्मद रिजवान ने किया था। उन्होंने साल 2021 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 7 छक्के जड़े थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article