क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: इस धाकड़ खिलाड़ी से हर्षित राणा सीख रहे हैं गेंदबाजी के गुर

हर्षित राणा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी कंसिस्टेंसी का श्रेय जसप्रीत बुमराह को देते हुए कहा है कि उन्होंने उनसे सीखे हैं गेंदबाजी के गुर।

Image

हर्षित राणा

Photo : AP

दुबई: बेहद कम समय में तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अपनी निरंतरता और शीर्ष स्तर पर खेल के अनुकूल ढलने का श्रेय जसप्रीत बुमराह को दिया। तेईस वर्ष के राणा ने दिसंबर में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न टी20 और वनडे श्रृंखला में सीमित ओवरों की टीम में पदार्पण किया। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें बुमराह के साथ खेलने का मौका मिला।

बुमराह के साथ गेंदबाजी करने का मिला फायदा

राणा ने बांग्लादेश पर चैम्पियंस ट्रॉफी के पहले मैच में बृहस्पतिवार को छह विकेट से मिली जीत के बाद कहा,'मुझे जस्सी भाई के साथ गेंदबाजी करके काफी फायदा मिला। उनके पास काफी अनुभव है और वह हमेशा मुझे मार्गदर्शन देते रहे हैं। हम ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैचों के बारे में और विभिन्न प्रारूपों के बारे में बात करते थे। मुझे इससे काफी फायदा मिला। मैंने उनसे निरंतरता सीखी है।'

मोर्केल ने किया लाइन लेंथ पर काम

उन्होंने भारत के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल की भी तारीफ की जिन्होंने उनकी लाइन और लैंग्थ पर काम किया। उन्होंने कहा,'मैंने उनसे भी बहुत कुछ सीखा। उन्होंने मेरी लाइन और लैंग्थ पर काफी काम किया है। कप्तान और कोच से भी सहयोग मिला जिसकी वजह से ही मैं खेल रहा हूं। मुझे शुरूआत में मौके नहीं मिले लेकिन मैने इंतजार किया। मैं अभ्यास में हमेशा अपना शत प्रतिशत देता था।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article