क्रिकेट

हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक संदेश

Harmanpreet Kaur Resigns As Captain Of India Women Cricket Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 2025 वनडे महिला विश्व कप, एशिया कप और एशियन गेम्स 2026 में अपनी अगुवाई में गोल्ड मेडल जिताने वाली हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ने का फैसला सुना दिया है।

Image

हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी (Instagram/imharmanpreet_kaur)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 2025 वनडे महिला विश्व कप, एशिया कप और हाल में जापान में आयोजित हुए एशियन गेम्स 2026 में अपनी अगुवाई में गोल्ड मेडल जिताने वाली हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी से हटना का फैसला ले लिया है। उन्होंने तत्काल रूप से इस पद को छोड़ने का ऐलान किया है।

भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा भावुक संदेश पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने कप्तानी छोड़ने के ऐलान के साथ-साथ अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।

हरमनप्रीत कौर का इंस्टाग्राम संदेश

आज, मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट्स में कप्तानी छोड़ रही हूं। यह फैसला आसान नहीं है। इसमें बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो ज़िंदगी भर मेरे साथ रहेंगे।

मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है — अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार, अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी एक हिस्सा। ऐसे पल भी आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक्की और अपनी चाहतों को एक तरफ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले आती है।

एक कप्तान के तौर पर, मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े। ऐसे फैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे, और कभी-कभी जिनकी निजी कीमत भी चुकानी पड़ी। लेकिन मेरा हर फ़ैसला एक ही मकसद से लिया गया था - इस टीम को बेहतर बनाना और दूसरे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सर्वश्रेष्ठ रूप पाने का मौका देना।

मैंने सब कुछ देखा है। मैंने सबसे बुरे पल, दिल टूटने का दर्द, आलोचना, शक और ऐसे दिन देखे हैं जब कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं लग रहा था। और मैंने सबसे शानदार पल भी अनुभव किए हैं - जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और वे पल जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया।

आज मैं भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन मन में शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हूं। क्योंकि मेरा सच में मानना है कि मेरी टीम सही स्थिति में है। एक ऐसी टीम जिसमें टैलेंट, चरित्र, विश्वास और एक ऐसा भविष्य है जिसे देखने और जिसका हिस्सा बनने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूँ।

मुझे लगता है कि मैंने अपना फर्ज निभाया है। मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया। मैंने गर्व के साथ ज़िम्मेदारी निभाई, और भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तानी करने के सौभाग्य के लिए मैं हमेशा आभारी रहूँगी।

अब, मेरे लिए आगे बढ़ने का समय आ गया है। कप्तानी आज खत्म हो सकती है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा।

हर उस टीममेट, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार के सदस्यों और हर उस फ़ैन का शुक्रिया जिन्होंने उतार-चढ़ाव के दौरान मेरा साथ दिया।

खून। पसीना। त्याग। गर्व। मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया।

अब, मैं फिर से खेल के प्रति अपने प्यार के लिए खेलने को तैयार हूं।

कप्तानी का दौर खत्म हुआ। सफर जारी है।

कप्तान के रूप में हरमनप्रीत कौर ने इसी साल महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा रन (3000+) बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। हरमनप्रीत कौर के बाद अब स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अगला कप्तान बनाया जा सकता है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article