Hardik Pandya returns to Mumbai Indians: आईपीएल 2024 के ऑक्शन से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियन्स ने अपने साथ जोड़ लिया है। पांड्या की दो साल लंबे अंतराल के बाद पुरानी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में वापसी हुई है। हार्दिक पांड्या को आधिकारिक तौर पर मुंबई इंडियन्स ने गुजरात टाइटन्स से खरीदा है। दोनों टीमों के बीच इस संबंध में डील पर हस्ताक्षर हो गए हैं। इसका आधिकारिक ऐलान भी हो गया है। हार्दिक के जाने के बाद गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल को अपना नया कप्तान बना लिया है।
फुल कैश में हुई है मुंबई इंडियन्स और गुजरात टाइटन्स के बीच डील
रिटेन्शन लिस्ट जारी होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी के एक सप्ताह पहले तक टीमों के बीच खिलाड़ियों के ट्रेड के लिए विंडो खुली रहती है। ऐसे में गुजरात और मुंबई फ्रेंचाइजी द्वारा रिटेन्ड और रिलीज्ड प्लेयर्स की लिस्ट के ऐलान के बाद डील पर मुहर लगी है। हार्दिक के मुंबई में वापसी की अटकलें पिछले कुछ दिनों से उफान पर थीं। पहले कहा जा रहा था कि रोहित के बदले गुजरात मुंबई को हार्दिक पांड्या को सौंपेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फुल कैश डील में केवल हार्दिक ही मुंबई की टीम में शामिल हुए हैं। बदले में गुजरात को कोई खिलाड़ी नहीं मिला है।
मुंबई इंडियन्स के साथ हुई थी आईपीएल करियर की शुरुआत
हार्दिक पांड्या की आईपीएल करियर की शुरुआत भी मुंबई से ही हुई थी। उन्होंने 2015 में इस फ्रेंचाइजी की तरफ से डेब्यू किया था। हार्दिक पांड्या 2021 तक मुंबई इंडियंस के साथ थे। उन्होंने 7 सीजन में भाग लिया था। लेकिन 2022 में जब दो नई टीमें आई तो उन्हें गुजरात टाइटंस ने खरीदकर अपना कप्तान बना लिया। हार्दिक कप्तानी में भी सफल रहे। उन्होंने गुजरात को अपने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्रॉफी दिलाई। वहीं 2023 में भी टीम को फाइनल तक ले गए।
हार्दिक का मुंबई इंडियंस के लिए रिकॉर्ड
हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस के लिए गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2015 से लेकर 2021 तक सात सीजन में 92 मैच खेले। इस दौरान हार्दिक के बल्ले से 1476 रन निकले। वहीं गेंद से उन्होंने 42 विकेट भी झटके। हार्दिक के रहते हुए टीम ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल की ट्रॉफी जीती।
हार्दिक से पहले इन खिलाड़ियों का भी हुआ ट्रेड
हार्दिक पांड्या से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के रोमारियो शेपर्ड लखनऊ सुपर जायंट्स से मुंबई इंडियंस में चले गए हैं। मुंबई ने उन्हें 50 लाख रुपए में ट्रेड किया है। इसके अलावा देवदत्त पड्डिकल राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए हैं। वहीं आवेश खान लखनऊ सुपर जायंट्स से राजस्थान रॉयल्स में चले गए हैं।
