Hardik Pandya New Team: कप्तान के तौर पर मुंबई इंडियंस के साथ 3 सीजन गुजार चुके हार्दिक पांड्या का इस टीम को छोड़कर जाना लगभग तय हो गया है। लेकिन सवाल है कि हार्दिक का आईपीएल में नया ठिकाना क्या होगा? मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए दो टीमों ने दिलचस्पी दिखाई है। मुंबई इंडियंस को ये दो प्रस्ताव कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से आए हैं। आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया कि नाइट राइडर्स के शीर्ष प्रबंधन और मुंबई इंडियंस के मालिकों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर कई बार बातचीत हुई है।
कोलकाता ढूंढ रहा है कप्तान
मुंबई इंडियंस में पांड्या की वापसी उतार-चढ़ाव भरी रही है और उनकी कप्तानी में टीम सिर्फ एक बार प्लेऑफ में जगह बना पाई है। सूत्र ने बताया, ’’अजिंक्य रहाणे केकेआर के लिए हमेशा से एक कामचलाऊ व्यवस्था थे और इस सत्र के बाद उन्हें रिलीज किया जाना तय था। केकेआर के बड़े अधिकारियों ने पिछले सत्र के आखिर में मुंबई इंडियंस के मालिकों से संपर्क किया था लेकिन उस समय रिलायंस की सालाना आम बैठक होने वाली थी इसलिए उस समय आईपीएल ट्रेड उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता नहीं थी।’’ उन्होंने कहा, ’’हालांकि पता चला है कि केकेआर ने फिर से मुंबई इंडियंस के बड़े अधिकारियों से संपर्क किया है और इस बारे में कुछ दौर की बातचीत भी हुई है।’’
यह तय है कि अगर पांड्या पूरी तरह से नकद करार या खिलाड़ी की अदला-बदली के जरिए केकेआर में जाते हैं तो उन्हें कप्तानी मिल सकती है क्योंकि इस समय रिंकू सिंह सही विकल्प नहीं लग रहे हैं। हालांकि जब पूछा गया कि मुंबई की टीम इस स्टार भारतीय ऑलराउंडर के लिए पूरी तरह नकद करार चाहती है या खिलाड़ी की अदला-बदली तो सूत्र ने इसकी पुष्टि नहीं की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- डेब्यू के कुछ महीनों में नंबर वन बनी श्री चरणी
क्या कहता है आईपीएल का ट्रेड नियम
आईपीएल के नियमों में साफ कहा गया है कि कोई खिलाड़ी टीम छोड़ने को लेकर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ व्यक्तिगत रूप से कोई बातचीत नहीं कर सकता। नियम के अनुसार बातचीत केवल फ्रेंचाइजी के बीच ही हो सकती है लेकिन यह भी कहा गया है कि खिलाड़ी की सहमति के बिना ट्रेड नहीं हो सकता। अगर खिलाड़ी सहमति नहीं देता है तो उसे रिलीज करके वापस नीलामी में भेजना होगा।
राजस्थान रॉयल्स से भी हो रही बात
मुंबई को मिली दूसरी पेशकश यशस्वी जायसवाल और पांड्याके बीच अदला-बदली की बताई जा रही है लेकिन पक्के तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि बातचीत आगे बढ़ी है या नहीं। हालांकि रॉयल्स की टीम असम के स्टार रियान पराग को लंबे समय के कप्तान के तौर पर देख रही है इसलिए पांड्याको कप्तानी की भूमिका मिलना मुश्किल होगा। अगर पांड्या किसी अन्य टीम के साथ जुड़ते हैं तो राजस्थान रॉयल्स की तुलना में केकेआर फिलहाल कहीं अधिक बेहतर विकल्प लग रहा है।
