क्रिकेट

विराट कोहली के फैन बने गुजरात टाइटंस के कोच, बोले- दूसरों से नहीं उनका खुद से कंपटीशन

Virat Kohli, IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 44 गेंदों पर शानदार 81 रन बनाए थे, जिससे उनकी टीम ने गुजरात को पांच विकेट से हरा दिया था।

Image

विराट कोहली (फोटो साभार- IPL/BCCI)

Virat Kohli, IPL 2026: गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच विजय दहिया ने विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान की लगन और हमेशा अपने खेल में सुधार करने की ललक उन्हें दूसरों से अलग बनाती है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज कोहली ने 44 गेंद पर 81 रन बनाए जिससे उनकी टीम ने गुजरात को पांच विकेट से हराया। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। दहिया ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, 'मैच के बाद वह कह रहे थे कि वह इसे शतक में बदल सकते थे। इससे उनकी मानसिकता का पता चलता है।'

गुजरात के कोच ने की कोहली की तारीफ

विजय दहिया ने कहा, 'जब आप स्थिति को अपने नियंत्रण में कर लेते हैं तो फिर आप गेंदबाजों को अपनी इच्छानुसार गेंदबाजी करने के लिए मजबूर कर सकते हैं। इस विकेट पर खेलना आसान नहीं था लेकिन उन्होंने इसे आसान बना दिया। मुझे लगता है कि यह अद्भुत है।' दहिया ने कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने अपनी यह पारी विश्व स्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ खेली। उन्होंने कहा, 'अच्छा करने की उनकी इच्छाशक्ति, उनकी मानसिकता उन्हें अन्य लोगों से अलग करती है। वह अब भी तेजी से रन चुराने में माहिर हैं। वह युवा खिलाड़ियों को अतिरिक्त रन बनाने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। अच्छा प्रदर्शन करने की उनकी यही लगन और ललक उन्हें सबसे अलग बनाती हैं।'

'किसी को कुछ साबित नहीं करना चाहते कोहली'

दहिया ने कहा, 'वह किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं खेल रहे हैं। यह खुद के प्रदर्शन पर गौर करने से जुड़ा है। यह एक ऐसे खिलाड़ी से जुड़ा है जो कल से बेहतर बनने की कोशिश कर रहा है।' बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने शुक्रवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए सीजन के आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट अंतर से मात देकर पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया। मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन की शतकीय और शुभमन गिल की 32 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 205 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए मिले 206 रन के लक्ष्य को 18.5 ओवर में विराट कोहली की 81 और देवदत्त पडिक्कल की 55 रन की पारियों की बदौलत हासिल कर लिया था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article