क्रिकेट

IND vs ENG: टीम इंडिया की बॉलिंग लाइनअप पर पूर्व भारतीय कोच ने उठाए सवाल

IND vs ENG: टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ग्रेग चैपल ने टीम इंडिया की बॉलिंग लाइनअप पर सवाल उठाया है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को एक खास सलाह भी दी है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट 2 जुलाई से एजबेस्टन में खेला जाएगा। सीरीज में टीम इंडिया 0-1 से पीछे है।

Image

ग्रेग चैपल (साभार-X)

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट 2 जुलाई से एजबेस्टन में खेला जाएगा। सीरीज में टीम इंडिया 0-1 से पीछे है और दूसरे टेस्ट में उसे वापसी करनी होगी। इससे पहले आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज और टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच ग्रेग चैपल का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत को गेंदबाजी आक्रमण में विविधता के अभाव का खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने कुलदीप यादव को शेन वॉर्न के बाद सर्वश्रेष्ठ कलाई का स्पिनर करार देते हुए उन्हें और अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल करने की सलाह दी।

भारत को पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में इंग्लैंड ने पांच विकेट से हराया । भारतीय टीम ने पहले टेस्ट में आठ कैच टपकाये। चैपल ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ के लिये अपने कॉलम में लिखा ,‘‘ हेडिंग्ले में फील्डिंग बहुत निराशाजनक थी लेकिन हार का यह अहम कारण नहीं था । भारत ने अपनी परेशानियां खुद खड़ी की थी । सबसे बड़ी गलती तो वह नो बॉल थी जिससे दूसरी पारी की शुरूआत में ही हैरी ब्रूक को जीवनदान मिला।’’ आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि भारत के सामने समस्या यह भी थी कि उसके दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर लगभग एक से ही थे।

उन्होंने कहा ,‘‘भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में विविधता का अभाव था। जसप्रीत बुमराह को छोड़कर बाकी तेज गेंदबाज एक जैसे ही थे। गेंदबाजी में बदलाव के तुरंत बाद विकेट गिरने का कारण यह होता है कि बल्लेबाज को ढलने में समय लगता है । लेकिन भारतीय टीम के पास यह विकल्प नहीं था।’’

भारत के पूर्व कोच ने कहा ,‘‘ बुमराह की गैर मौजूदगी में अर्शदीप सिंह को टीम में जगह मिलनी चाहिये । इसके साथ ही कुलदीप यादव को भी उतारना चाहिये जो शेन वॉर्न के बाद कलाई का सर्वश्रेष्ठ स्पिनर है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!