क्रिकेट

क्या SA20 में भी लागू होगा इंपैक्ट प्लेयर नियम, ग्रीम स्मिथ ने दी जानकारी

SA20 में आईपीएल की तर्ज पर इंपैक्ट प्लेयर नियम लागू होगा या नहीं, इसको लेकर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लीग में नए नियम को लागू करने का विकल्प खुला है, लेकिन वह अभी इसे सिंपल रखना चाहते हैं।

Image

एसए20 लीग (साभार-Twitter)

एसए20 लीग कमिश्नर और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का कहना है कि यह टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम जैसी नयी चीजों के प्रयोग के लिए खुला है लेकिन फिलहाल वह खेल प्रेमियों के लिए इसे सरल रखने पर ध्यान लगाये हैं। आईपीएल का ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम टीमों को मैच के किसी भी समय अपनी पसंद के एक खिलाड़ी को बदलने की अनुमति देता है।

इसे पिछले सत्र में आईपीएल में शुरू किया गया था जिस पर राय विभाजित थी कि क्या यह हरफनमौला खिलाड़ियों की भूमिका को कम कर रहा है क्योंकि टीमें ज्यादातर मौकों पर बड़े हिट लगाने वाले खिलाड़ियों को चुनती हैं। स्मिथ ने कहा कि एसए20 अभी के लिए सरल और पारंपरिक क्रिकेट पर डटे रहने का इरादा रखता है।

अगले साल जनवरी-फरवरी में होने वाले एसए20 के तीसरे सत्र से पहले स्मिथ ने पीटीआई से कहा, ‘‘आईपीएल और इसके इम्पैक्ट प्लेयर नियम की तुलना में हम कम प्रयोग कर रहे हैं। हम टूर्नामेंट को मजबूत बनाये रखते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोग इसके क्रिकेट पहलू को समझें।’’उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि अच्छा क्रिकेट खेला जाए और प्रशंसक इसका जितना हो सके उतना आनंद लें। हमने वैश्विक स्तर पर नियमों के अनुसार इसे सरल रखने की कोशिश की है। ’’उन्होंने कहा कि एसए20 में इस तरह का बदलाव लाना अभी जल्दबाजी होगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article