स्पोर्ट्स

CWG 2026: भारतीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच ने दिया नीरज चोपड़ा की फिटनेस पर बड़ा अपडेट

भारतीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने राष्ट्रमंडल खेलों में एथलेटिक्स की स्पर्धाओं के आगाज से पहले नीरज चोपड़ा की फिटनेस पर बड़ा अपडेट दिया है। जानिए उन्होंने क्या रहा?

Image

नीरज चोपड़ा (फोटो क्रेडिट AI Generated)

ग्लास्गो: भारतीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने कहा कि स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों से पहले पूरी तरह फिट हैं और उन्होंने भरोसा जताया कि देश इस बार (एथलेटिक्स में) 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के मुकाबले अधिक पदक जीतेगा। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में 86.47 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोट के कारण 2022 बर्मिंघम खेलों में हिस्सा नहीं ले सके थे।

सितंबर 2025 में चोटिल हो गए थे नीरज चोपड़ा

सितंबर 2025 में विश्व चैंपियनशिप से ठीक पहले उनकी कमर के निचले हिस्से में चोट लग गई थी। इस सत्र उन्होंने अब तक केवल एक प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। जून में आयोजित दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था। नायर ने 'पीटीआई' से कहा,'नीरज शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट हैं। वह आत्मविश्वास से भरे हुए है और उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। मैं यह नहीं कहूंगा कि पदक का रंग क्या होगा, लेकिन वह अपना सर्वश्रेष्ठ देने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।'

आसान नहीं होगी स्वर्ण पदक की दौड़

नीरज शुक्रवार को ग्लास्गो पहुंच गए। हालांकि स्वर्ण पदक की दौड़ आसान नहीं होगी। नीरज का मुकाबला श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे, ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स और पाकिस्तान के मौजूदा राष्ट्रमंडल और ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम से होगा। भारत के रोहित यादव भी अपने प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे तो पदक के मजबूत दावेदार होंगे जिन्होंने पिछले महीने 87.05 मीटर का थ्रो किया था। पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा का क्वालीफिकेशन 30 जुलाई को होगा जबकि फाइनल अगले दिन खेला जाएगा।

पिछले बार से बेहतर प्रदर्शन का है भरोसा

नायर ने कहा कि 32 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम इस बार 2022 बर्मिंघम खेलों में जीते गए आठ पदकों (एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य) से बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि भारत इस बार बर्मिंघम से अधिक स्वर्ण पदक जीतेगा। उन्होंने कहा,'हम बर्मिंघम से बेहतर प्रदर्शन करेंगे और इस बार ज्यादा पदक जीतेंगे। हमें उम्मीद है कि हम दो या तीन स्वर्ण पदक भी जीत सकते हैं, हालांकि मैं यह नहीं बता सकता कि वे किस स्पर्धा से आएंगे।'

तीन गोल्ड जीतकर भारत रचेगा नया इतिहास

यदि भारत तीन स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहता है तो यह नया रिकॉर्ड होगा। अब तक भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में सर्वाधिक दो स्वर्ण पदक 2010 में दिल्ली में जीते थे। बर्मिंघम खेलों में त्रिकूद एथलीट एल्डोस पॉल भारत के एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता थे, लेकिन चोट के कारण सर्जरी के बाद 'रिहैबिलिटेशन' से गुजर रहे हैं और इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं।

ये खिलाड़ी भी जीत सकते हैं पदक

नायर ने कहा,'भाला फेंक में हमारे दो खिलाड़ी पदक की दौड़ में हैं। लंबी कूद में दो ऐसे खिलाड़ी हैं जो 8.20 मीटर से अधिक कूद सकते हैं। त्रिकूद में हमारे दो खिलाड़ी 17 मीटर से आगे जाने की क्षमता रखते हैं। हमारे पास एक ऊंची कूद का एथलीट भी है जिसने हाल ही में 2.30 मीटर से अधिक की छलांग लगाई है।'

उन्होंने कहा,'लंबी दूरी की दौड़ में गुलवीर सिंह और महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में पारुल चौधरी सहित कई अन्य खिलाड़ी भी अच्छी स्थिति में हैं। कुल मिलाकर हमें भरोसा है कि इस बार भारत 2022 की तुलना में अधिक पदक जीतेगा।' डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर भी भारत के लिए पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article