शहर

नरवर किले से 400 साल पुरानी और 3.5 टन वजनी तोप चोरी मामले में कार्रवाई तेज, हिरासत में लिए गए दो संदिग्ध

मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से करीब 400 साल पुरानी और लगभग 3.5 टन वजनी तोप की चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के करौली जिले से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Image

तोप चोरी मामले में तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस का एक्शन (प्रतीकात्मक फोटो)

Narwar Fort Cannon Theft: मध्य प्रदेश पुलिस ने ऐतिहासिक नरवर किले से लगभग 3.5 टन वजनी और करीब 400 साल पुरानी तोप की चोरी के मामले में राजस्थान के करौली जिले के दो लोगों को हिरासत में लिया है। राजस्थान पुलिस ने यह जानकारी दी। राजस्थान पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि चोरी की जांच के तार करौली जिले के हिंडौन सदर थानाक्षेत्र के गांवड़ा मीणा गांव से जुड़े पाए गए।

दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया

अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस ने टिम्मू मीणा और अमन मीणा नामक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है तथा मामले से जुड़ी एक संदिग्ध गाड़ी भी जब्त की है। यह तोप कथित तौर पर पिछले हफ्ते चोरी हुई थी। शुरुआती जांच से पता चलता है कि कुछ लोग गाड़ी से किले के पिछले हिस्से में पहुंचे और वहां रखी तोप लेकर भाग गए।

संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया

करौली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस ने जांच में मदद मांगी थी जिसके बाद गांव में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। सिंह के अनुसार ऐसा शक था कि चोरों ने तोप को जमीन में गाड़ दिया होगा और इसी शक के आधार पर गांव में चार-पांच जगहों पर खुदाई की गई।

तकनीकी सबूतों के आधार पर हुई कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कई संदिग्ध जगहों पर खुदाई के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गईं तथा तलाशी में मदद के लिए भरतपुर से 'अंडरग्राउंड मेटल डिटेक्टर' वाली विशेष टीम भी बुलाई गई, लेकिन कुछ भी बरामद नहीं हुआ। इस बीच, मध्य प्रदेश की पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि ऐसी पक्की जानकारी मिली थी कि तोप को करौली जिले के गावड़ा मीणा गांव लाया गया था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article