क्रिकेट

मेलबर्न में हार के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में मचा बवाल, मनमाना रवैया अपनाने वाले प्लेयर्स को दी अंतिम चेतावनी...कहा-बहुत हो गया

मेलबर्न में भारतीय टीम की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करारी हार के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने ड्रेसिंग रूप में टीम के सभी खिलाड़ियों की जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने मनमर्जी से खेलने वाले खिलाड़ियों को अंतिम चेतावनी तक दे डाली।

Image

गौतम गंभीर (साभार BCCI)

मेलबर्न: भारतीय क्रिकेट टीम को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के चौथे टेस्ट में 184 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। मैच में भारतीय टीम ने अचानक हथियार डाल दिए और मैच के आखिरी सत्र में अंतिम 7 विकेट के साथ मैच भी गंवा दिया। इस मैच में हार के साथ ही भारतीय टीम सीरीज में 1-2 से पीछे हो गई है। भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में लगातार तीसरी बार पहुंचने का सपना तकरीबन टूट गया है और ऑस्ट्रेलिया में लगातार तीसरी बार टेस्ट सीरीज जीतने का मौका भी मेजबान टीम की 2-1 से अजेय बढ़त के साथ निकल गया है। ऐसे में मेलबर्न में हार के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में जमकर बवाल मचा। कोच गौतम गंभीर ने पूरी टीम के खिलाड़ियों की जमकर लताड़ लगाई और कहा -बस बहुत हो गया।

कोच गौतम ने दी गंभीर चेतावनी

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने मेलबर्न में टीम की हार के बाद ड्रेसिंग रूम में किसी भी खिलाड़ी का नाम लिए बगैर उन खिलाड़ियों की जमकर क्लास ली जो जरूरत के हिसाब से खेलने के बजाए नेचुरल गेम के नाम पर मनमानी कर रहे हैं। ऋषभ पंत और विराट कोहली ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो लगातार एक तरीके से आउट होकर पवेलियन लौट रहे हैं।

अब मेरी चलेगी, नहीं तो थैंक-यू

गौतम गंभीर ने 9 जुलाई, 2024 को टीम इंडिया के हेड कोच का कार्यभार संभाला था। उसके बाद उन्होंने टीम को अपने तरीके से खेलने की छूट दी लेकिन अब वो निर्णय करेंगे कि टीम किस तरह खेले। खिलाड़ियों को कड़ी चेतावनी देते हुए गंभीर ने कहा कि अब जो खिलाड़ी उनकी मैच से पहले पूर्व निर्धारित योजनाा के मुताबिक पर नहीं खेलेगा उसे थैक्य यू कह दिया जाएगा।

रोहित विराट पर उठ रहे हैं सवाल

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का प्रदर्शन मौजूदा सीरीज में बेहद खराब रहा है। वहीं विराट कोहली भी केवल एक शतक जड़ सके हैं और बार-बार ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को कवर की दिशा में खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा रहे हैं। ऐसे में दोनों सवालों के घेरे में हैं। रोहित शर्मा के ऊपर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अगर भारतीय टीम सीरीज गंवा देती है तो टीम में बड़ी उठापटक मच सकती है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article