क्रिकेट

टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता ने की वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल करने की मांग

टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता और स्पिनर रहे सरनदीप सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल करने की मांग की है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह चाहते हैं कि डरहम में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी भारतीय एकादश का हिस्सा बनें। सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ उस श्रृंखला में खेलने का मौका नहीं मिला था जिसे विश्व चैंपियन भारत 0-2 से हार गया था। अगर वह बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हैं तो वह भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे।

वैभव को मिलना चाहिए था आयरलैंड के खिलाफ मौका

सरनदीन ने यहां डीपीएल नीलामी के दौरान कहा,'उन्हें (आयरलैंड के खिलाफ) खेलना चाहिए था। टीम प्रबंधन को यह देखना होगा कि उन्हें एकादश में कैसे शामिल किया जाए। कभी-कभी कड़े फैसले लेने पड़ते हैं। कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाए और उसे मौका मिल सकता है। अगर आप भविष्य के लिए टीम बना रहे हैं तो रोटेशन नीति अपनानी होगी। तब आपको कुछ खिलाड़ियों को बाहर बैठाना होगा और उसे मौका देना होगा।'

सूर्यवंशी में अकेले मैच जिताने का दम

पंद्रह साल के सूर्यवंशी ने आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाया था और उसके बाद श्रीलंका में त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में भारत ए के लिए मेजबान टीम के खिलाफ 29 गेंद में 94 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी। सरनदीप को उम्मीद है कि सूर्यवंशी शीर्ष स्तर पर भी फॉर्म बरकरार रखेंगे। इस पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा,'यह उसे परखने का समय है। उसे बाहर नहीं रखें। अगर मौका मिले तो उसे एकादश में खिलाएं। जिस फॉर्म में वह अभी है, यह सही समय है कि उसे जल्द से जल्द खिलाना शुरू किया जाए। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, वह अकेले दम पर मैच जिता सकता है।'

तीनों फॉर्मेट के बन सकते हैं खिलाड़ी

सरनदीप का मानना है कि सूर्यवंशी आगे चलकर सभी प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। उन्होंने कहा,'वह बहुत युवा है। वह लाल गेंद का कौशल भी सीख सकता है। वह रणजी ट्रॉफी में बिहार के लिए भी खेल रहा है। उसमें तीनों प्रारूप में खेलने की प्रतिभा है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article