Shreyas Iyer: KKR के पूर्व कोच चंद्रकांत पंडित ने माना कि श्रेयस अय्यर को ट्रॉफी जीत के बाद टीम की कप्तानी से हटाना और टीम से रिलीज करना एक बड़ी गलती थी। उनका कहना है कि टीम को उनकी कमी महसूस हुई। पंडित उस समय KKR के कोच थे जब अय्यर को टीम से बाहर किया गया था। इसके बाद श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स की टीम से जुड़े और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम IPL 2025 के फाइनल तक पहुंची। वहीं IPL 2026 में पंजाब किंग्स की टीम ने अपने पहले छह मैच जीत लिए हैं और अभी तक अजेय रही है।
श्रेयस अय्यर ने KKR को जिताई थी ट्रॉफी
चंद्रकांत पंडित ने कहा कि अय्यर एक बेहतरीन खिलाड़ी और कप्तान हैं, जिन्होंने KKR को ट्रॉफी जिताई। लेकिन कभी-कभी टीम की रणनीति और हालात के कारण ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं। चंद्रकांत पंडित ने यह भी कहा कि यह फैसला जानबूझकर नहीं था, लेकिन उन्हें इसका अफसोस है। उन्होंने यह भी माना कि सिर्फ अय्यर ही नहीं, बल्कि कुछ और खिलाड़ियों जैसे फिल सॉल्ट की कमी भी टीम को खली। बता दें कि चंद्रकांत पंडित, श्रेयस अय्यर और गौतम गंभीर ने मिलकर IPL 2024 में KKR को जीत दिलाई थी।
कैसा है श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड
चंद्रकांत पंडित तब KKR के हेड कोच थे जब इस फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज किया था। इसके बाद पंजाब किंग्स की टीम ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल कर लिया था। श्रेयस अय्यर ने IPL में अभी तक 138 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने कुल 3939 रन बनाए हैं और 4000 रन बनाने के रिकॉर्ड से कुछ ही रन पीछे हैं। IPL में उनका हाईएस्ट स्कोर 97 रन है और उन्होंने इस 138 मैचों में 30 हाफ सेंचुरी जड़ी है। इन मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 135.27 और 34.86 का औसत है। 31 साल के श्रेयस अय्यर भारत के लिए 14 टेस्ट, 76 वनडे मैच और 51 टी-ट्वेंटी मुकाबला खेल चुके हैं।
