क्रिकेट

भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद की क्रिकेट प्रशासन में होगी वापसी, केएससीए का लड़ेंगे चुनाव

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। अक्टूबर और नवंबर के बीच चुनाव होने की संभावना है मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है।

Image

वेंकटेश प्रसाद (फोटो क्रेडिट ICC X)

बेंगलुरु: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के चुनावों में हिस्सा लेंगे। ये चुनाव अक्टूबर और नवंबर के बीच होने की संभावना है। अनुभवी कोच, चयनकर्ता और प्रशासक 56 वर्षीय प्रसाद ने 2013 से 2016 तक केएससीए के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। तब अनिल कुंबले केएससीए के अध्यक्ष थे। लेकिन उसके बाद से प्रसाद ने प्रशासनिक कार्यों से दूरी बना ली और कोचिंग करियर पर ध्यान केंद्रित किया तथा साथ ही मीडिया जगत में क्रिकेट विशेषज्ञ के रूप में भी काम किया।

प्रसाद के पास है कोचिंग और प्रशासन का अनुभव

प्रसाद भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच भी रह चुके हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स (पूर्व में किंग्स इलेवन पंजाब) के साथ भी कोच के रूप में काम किया था। प्रसाद के पैनल में अनुभवी प्रशासक विनय मृत्युंजय भी होंगे। मृत्युंजय केएससीए के पूर्व कोषाध्यक्ष और बीसीसीआई की वित्त समिति के सदस्य हैं। पता चला है कि प्रसाद और मृत्युंजय आने वाले दिनों में अपने पैनल के पूरे सदस्यों की घोषणा करेंगे।

मौजूदा कार्यकारिणी का 30 सितंबर को खत्म हो रहा है कार्यकाल

रघुराम भट्ट की अध्यक्षता वाली केएससीए की कार्यकारिणी का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त होगा। गौरतलब है कि पूर्व भारतीय कप्तान और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली भी क्रिकेट प्रशासन में वापसी करने के लिए तैयार हैं और पूरी संभावना है कि वह बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के आगामी चुनावों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।

केएससीए को है मजबूत और अनुभवी अध्यक्ष की जरूरत

आरसीबी की खिताबी जीत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में मची भगदड़ में कई क्रिकेट प्रशंसकों की मौत हो गई थी। ऐसे में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ लगातार आलोचना का शिकार हो रहा है। भगदड़ की जांच के लिए सरकार ने पूर्व जस्टिस जॉन माइकल कुन्हा कमीशन का गठन किया था। जिसने अपनी जांच रिपोर्ट में इस स्टेडियम को ‘अनसेफ’ और ‘अनफिट’ घोषित किया है। आयोग ने कहा है कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम बड़े पैमाने पर इवेंट आयोजित करने के लिए तैयार नहीं है, इसमें क्राउड सेफ्टी, इमरजेंसी एक्जिट जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्थाओं की भारी कमी है। नौबत स्टेडियम से विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के मैच छिनने वाली आ गई है। ऐसे में केएससीए को मुश्किल से उबारने के लिए मजबूत व्यक्ति की तलाश है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article