क्रिकेट

वो धोनी के हुक्का की देखभाल करता है... IPL टीम CSK के पूर्व क्रिकेटर ने किए माही से जुड़े बड़े खुलासे

Sam Billings Reveals MS Dhoni 'Shisha' And IPL Room Secrets: आईपीएल 2026 से पहले खिलाड़ियों के बीच इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही हैं और एक ताजा पॉडकास्ट में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके इंग्लैंड के बल्लेबाज सैम बिलिंग्स ने धोनी और आईपीएल के दौरान उनके कमरे में हुक्का के इस्तेमाल को लेकर दावे किए हैं।

Image

सैम बिलिंग्स ने किए धोनी को लेकर खुलासे (CSK/TheOverlapCricket/YouTube)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026 से पहले शुरू हुई चर्चाएं
  • धोनी को लेकर CSK के पूर्व क्रिकेटर ने किए खुलासे
  • सैम बिलिंग्स ने फिर छेड़ा धोनी और हुक्का की कहानी

इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इसको अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। कुछ बातें खेल से जुड़ी हैं तो कुछ मैदान के बाहर होने वाली चीजें। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व बल्लेबाज व इंग्लैंड के क्रिकेटर सैम बिलिंग्स ने आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) की अगुवाई में खेलने के अपने अनुभव पर विचार एक पॉडकास्ट में साझा किए हैं और कुछ बड़े दावे व खुलासे भी किए हैं। इंग्लैंड का ये विकेटकीपर बल्लेबाज आईपीएल 2018 के दौरान चेन्नई टीम का हिस्सा था, जब सीएसके ने 2 साल के प्रतिबंध के बाद आईपीएल में वापसी की थी और तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

सैम बिलिंग्स ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और एलेस्टर कुक जैसे कुछ पूर्व दिग्गजों के साथ एक पॉडकास्ट में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्व भारतीय कप्तान धोनी के पास एक समर्पित व्यक्ति है जो केवल शीशा (हुक्का) की देखभाल करता है। वैसे इससे पहले भी इरफान पठान और माइकल हसी जैसे कुछ खिलाड़ियों ने खुलासा किया था कि आईपीएल के दौरान धोनी का होटल का कमरा एक ऐसी जगह होता है जहां टीम के साथी इस गतिविधि का आनंद लेने के लिए एकत्रित होते हैं।

सैम बिलिंग्स के खुलासे

बिलिंग्स ने धोनी के तहत खेलने के अपने अनुभव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेडके मैच एक साथ देखे थे। उन्होंने दावा किया कि एक खलील नाम का व्यक्ति है जिसका एकमात्र काम शीशा की देखभाल करना है और ये भी बताया कि धोनी का कमरा हमेशा किसी के भी प्रवेश करने के लिए खुला रहता है।

धोनी का कमरा खुला रहता है, खलील उसके शीशा की देखभाल करता है

इंग्लैंड के क्रिकेटर सैम बिलिंग्स ने 'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट पर एक सवाल के जवाब में धोनी को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपना पसंदीदा व्यक्ति बताते हुए कहा, "वो धोनी ही होने चाहिए। मुझे लगता है कि उनकी कप्तानी, उनकी आभा के मामले में, यह शानदार है। वह अविश्वसनीय रूप से शांत और वास्तविक रूप से बेहद शांत व्यक्ति हैं। आजकल शांत लोग जल्दी मिलते नहीं हैं। लेकिन वो हैं। वाह! कितना प्यारा आदमी है, ये देखते हुए कि उसके पास कितनी स्टारडम है। वो एक सुपरस्टार है। जाहिर है वो मेरी तरह मैनचेस्टर यूनाइटेड क्लब का फैन भी है। हमने एक साथ काफी फुटबॉल मैच देखे हैं। वो होटल नहीं छोड़ सकते या बार में नीचे नहीं जा सकते, इसलिए वो अपना होटल का कमरा खुला छोड़ देता है, और उसके पास एक 'शीशा' मैन है खलील, जिसका एकमात्र काम शीशा की देखभाल करना है।"

कैसा रहा था सैम बिलिंग्स का CSK के साथ सफर

साल 2018 और 2019 के सैम बिलिंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया और 11 मैचों में CSK के लिए खेले। उन्होंने 108 रन बनाए, जिसमें 2018 सीजन के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में सिर्फ 23 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली थी, जब चेन्नई की टीम 205 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी। बिलिंग्स ने उस मुकाबले में धोनी के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन की पार्टनरशिप भी की थी।

क्या ये धोनी का आखिरी आईपीएल होगा?

वैसे धोनी को लेकर तमाम दावे होते रहे हैं और किन बातों में कितनी सच्चाई है इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। वैसे माही को लेकर एक और चर्चा है जो हर सीजन के पहले शुरू हो जाती है और वो है उनके रिटायरमेंट की चर्चा। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार धोनी का आईपीएल सीजन हो सकता है। वो 7 जून को 45 साल के होने जा रहे हैं और पिछली नीलामी व ट्रेडिंग के दौरान संजू सैमसन सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों की टीम में एंट्री के बाद ऐसी चर्चा है कि चेन्नई सुपर किंग्स और धोनी अब इस बात पर सहमत हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स का भविष्य सही हाथों में है और अब धोनी अपना सबसे बड़ा फैसला ले सकते हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article