Vaibhav Sooryavanshi: भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का मानना है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को अब टीम इंडिया में खेलने से रोकना नहीं चाहिए। प्रसाद ने सूर्यवंशी को 'अति प्रतिभाशाली' और 'टी20 क्रिकेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' तक कह दिया। पीटीआई से बात करते हुए एमएसके प्रसाद ने कहा कि सूर्यवंशी सिर्फ टैलेंट नहीं हैं। वह मौजूदा समय में टी20 फॉर्मेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। इसलिए उन्हें तुरंत भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। प्रसाद का सुझाव है कि पहले सूर्यवंशी को भारत ए के साथ श्रीलंका दौरे पर भेजा जाए। उसके बाद 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए उन्हें सीनियर टीम में चुन लेना चाहिए।
सीनियर टीम में शामिल करने की वकालत
प्रसाद को भरोसा है कि सूर्यवंशी श्रीलंका में भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी को बेंच पर बिठाकर इंतजार करवाने का कोई मतलब नहीं है। वह जल्द ही भारत के लिए खेलेंगे और लंबे समय तक टीम का हिस्सा बने रहेंगे। हालांकि प्रसाद का यह भी कहना है कि सूर्यवंशी अभी केवल 15 साल के हैं। इस उम्र में टैलेंट को सही दिशा देना बहुत जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए सूर्यवंशी को वीवीएस लक्ष्मण या राहुल द्रविड़ जैसे सीनियर खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में रहना चाहिए। लक्ष्मण और द्रविड़ ही ऐसे लोग हैं जो सूर्यवंशी को जमीन से जुड़ा और विनम्र बनाए रख सकते हैं।
IPL में वैभव ने किया कमाल
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल के लिए खेलते हुए सभी को चौंका दिया। सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की। पूरे सीजन में वैभव ने अहम मौकों पर तेज रन बनाए और टीम को कई मैच जिताए। वैभव सूर्यवंशी को IPL में पांच अवॉर्ड मिले। जिसमें औरेंज कैप से लेकर, इमर्जिंग प्लेयर, सबसे ज्यादा छक्के, सुपरस्ट्राइकर ऑफ द सीजन और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का अवार्ड मिला।
