Why Virat Kohli wrote
कोहली का भावुक अलविदा संदेश
विराट ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा है कि "आज से 14 साल पहले मैंने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में भारत की बैगी ब्लू टोपी पहनी थी। सच कहूं, तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे इतना उंचाइयों तक ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे गढ़ा और जीवन भर याद रहने वाले सबक सिखाए। व्हाइट्स (टेस्ट क्रिकेट) में खेलने का अपना ही एक अलग महत्व है। यहां की मेहनत, लंबे दिन और वो छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन वो हमेशा आपके साथ रहते हैं। इस फॉर्मेट से अलविदा कहना आसान नहीं, लेकिन यह सही समय लगता है। मैंने इसे अपना सब कुछ दिया और इसने मुझे उससे कहीं ज्यादा दिया, जिसकी मैंने कभी उम्मीद की थी।"*
उन्होंने आगे लिखा, "मैं एक आभारी दिल के साथ इस पड़ाव को छोड़ रहा हूँ — इस खेल के लिए, उन सभी लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया, और हर उस शख्स के लिए जिसने मुझे इस सफर में साथ दिया। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए याद करूंगा। #269, साइनिंग ऑफ।"इस पोस्ट को अब तक 4 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
#269 का क्या है मतलब?
यह हैशटैग सोशल मीडिया पर छा गया, लेकिन इसका क्या अर्थ है? दरअसल, यह संख्या विराट कोहली के ऑफिशियल टेस्ट कैप नंबर को दर्शाती है। जब कोहली ने भारतीय टीम में डेब्यू किया, तो वह टेस्ट क्रिकेट में देश की तरफ से खेलने वाले 269वें खिलाड़ी बने थे। इसलिए, उन्होंने अपने करियर के अंतिम पोस्ट में इस नंबर को एक भावपूर्ण विदाई के तौर पर इस्तेमाल किया।
फैंस की भावुक प्रतिक्रियाएं
कोहली के इस फैसले ने उनके करोड़ों फैंस को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर #ThankYouVirat और #269 ट्रेंड कर रहे हैं। कई लोगों ने उनके योगदान को सलाम किया, तो कुछ ने उनकी टेस्ट क्रिकेट में यादगार पारियों को याद किया। बता दें कि विराट कोहली का करियर शानदार रहा उन्होंने 123 मैच खेले और इस दौरान वे 210 पारियों में 9320 रन बनाने में कारगर रहे। कोहली ने इस दौरान 31 शतक भी जड़े।
