क्रिकेट

EXCLUSIVE: दूध घी खाकर बना तेज गेंदबाज, स्पीड हंट ने बदली किस्मत; पढ़ें 'स्पीड गन' शुभम गौतम की कहानी उन्हीं की जुबानी

रफ्तार के साथ हुनर हो तो पहचान बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता। इसी का ताजा उदाहरण बन गए हैं यूपी के तेज गेंदबाज शुभम गौतम। यूपीसीए के स्पीड हंट में शुभम ने अपनी रफ्तार से सभी को प्रभावित किया। इसके बाद UPT20 League 2026 ऑक्शन में नोएडा किंग्स ने शुभम की प्रतिभा को पहचानते हुए नीलामी में उन्हें 21.5 लाख की बड़ी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया। अब टीम को इसका रिजल्ट मिला है।

Image

यूपी की नई स्पीड गन शुभम गौतम।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यूपी ने अलग-अलग समय में कई दिग्गज तेज गेंदबाजों को जन्म दिया है। इनमें से प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार प्रमुख हैं। अब यूपी से एक नई स्पीड गन निकल रही है, जिसका नाम है शुभम गौतम। शुभम ने 143 की स्पीड से गेंदबाजी करके सभी को हैरान कर दिया। टाइम्स नाउ के साथ खास बातचीत के दौरान शुभम ने अपनी क्रिकेट जर्नी पर बात की। उन्होंने बताया कि तेज गेंदबाज बनना उनके बचपन का सपना रहा है।

शुभम ने बताया कि परिवार ने बचपन से ही उन्हें और उनके क्रिकेटर बनने के सपने को सपोर्ट किया। मां-बाप ने शुभम को बचपन ने से ही क्रिकेट खेलने की आजादी दी। गौतम ने कहा कि वह हमेशा से ही एक तेज गेंदबाज बनना चाहते थे। उनके कोच ने भी इसमें बहुत सपोर्ट किया।

डिबी गांव है ताल्लुक

बुलंदशहर जिले के एक छोटे से गांव डिबी से ताल्लुक रखने वाले शुभम ने क्रिकेट की शुरुआत टेनिस बॉल से की थी। गांव की गलियों में टेनिस बॉल से रफ्तार का जादू बिखेरने वाले शुभम को असली पहचान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के स्पीड हंट अभियान से मिली। इस दौरान शुभम 143 किलो मीटर की रफ्तार से गेंदबाजी करके वहां मौजूद सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, स्पीड हंट तक पहुंचने की उनकी कहानी बड़ी दिलचस्प है।

स्पीड हंट ने बदली किस्मत

इस पर शुभम ने कहा कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर यूपीसीए का पेज फॉलो कर रखा है। उसी पर उन्होंने देखा था कि स्पीड हंट के लिए रजिस्ट्रेशन हो रहा है। फिर क्या था उन्होंने रजिस्ट्रेशन कर दिया। इसके बाद शुभम का नोएडा में ट्रॉयल हुआ। शुभम बताते हैं कि ट्रॉयल के दौरान उन्होंने सबसे तेज गेंद फेंकी और वहीं से जीवन बदल गया।

यूपी टी20 लीग के ऑक्शन में मिले 21.5 लाख रुपये

अपनी तेज गेंदबाजी के राज से पर्दा उठाते हुए शुभम ने कहा कि वह गांव से आते हैं। यहां वह खाने में दूध, घी का सेवन करते हैं। इसके चलते उनकी बॉडी फिट रहती है। नोएडा में ट्रॉयल के बाद शुभम को यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के ऑक्शन के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया। उनका बेस प्राइस 2.5 लाख रुपये था। हालांकि, ऑक्शन में नोएडा किंग्स ने उन पर 21.5 लाख की बोली लगा दी।

जोफ्रा आर्चर हैं पसंदीदा गेंदबाज

इस पर शुभम ने कहा, सोचा नहीं था कि इतनी बड़ी रकम उन्हें मिल जाएगा। 5 से 7 लाख तक की बोली का अनुमान था, लेकिन जो भी हुआ अच्छा ही हुआ। ऑक्शन के समय दिल की धड़कन बढ़ी हुई थी। ऊपर वाले का शुक्रिया की उन्होंने इतना कुछ दे दिया। शुभम ने बताया कि उनके पसंदीदा तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर हैं।

अभी तक खेले हैं चार मैच

शुभम ने फ्रेंचाइजी के भरोसे को बिल्कुल सही साबित किया है। लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ मैच में उन्होंने अपनी एक गेंद को 143 किमी/घंटे की रफ्तार से फेंकी और मैच में 5.50 की शानदार इकोनॉमी से 22 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इससे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में उन्होंने किफायती गेंदबाजी की, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। शुभम ने अभी तक 4 मैच खेलेंगे और तीन विकेट चटकाए हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article