SL vs ENG: पवन रत्नायके का शतक गया बेकार, इंग्लैंड ने जीती सीरीज
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 27, 2026, 10:50 PM IST
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 3 विकेट पर 357 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक और जो रूट ने शतकीय पारी खेली। लक्ष्य का मेजबान श्रीलंका 304 रन ही बना सकी। पवन रत्नायके का शतक भी टीम को जीत नहीं दिला सका। इंग्लैंड ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की।
इंग्लैंड ने जीती सीरीज। फोटो- AP
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड ने तीन वनडे मैच की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। निर्णायक मुकाबले में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद लाजवाब गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने मेजबान श्रीलंका को 53 रन से मात दी। जो रूट को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब मिला और कप्तान हैरी ब्रूक को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 3 विकेट पर 357 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक और जो रूट ने शतकीय पारी खेली। इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। पहला विकेट बेन डकेट के रूप में 19 और दूसरा विकेट रेहान अहमद के रूप में 40 के स्कोर पर गिरा। दोनों ने क्रमश: 7 और 24 रन बनाए। 40 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में फंसी इंग्लैंड को अनुभवी जो रूट और युवा जैकब बेथल ने संभाला।
रूट ने बेथल के साथ टीम को संभाला
रूट और बेथल ने तीसरे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड के लिए बड़े स्कोर की बुनियाद रखी। टीम का स्कोर जब 166 रन था, उस समय जैकब बेथल 65 रन बनाकर आउट हुए। 72 गेंद की अपनी पारी में बेथल ने 8 चौके लगाए। इसके बाद रूट को हैरी ब्रूक का साथ मिला। ब्रूक ने क्रीज पर आते हीं धुआंधार बल्लेबाजी शुरू की। दोनों बल्लेबाजों ने 18.5 ओवर में 191 रन की साझेदारी करते हुए इंग्लैंड का स्कोर 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रन तक पहुंचा दिया।
ब्रूक और रूट ने जड़े शतक
हैरी ब्रूक 66 गेंद पर 9 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 136 रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रूक ने 40 गेंद पर फिफ्टी लगाई और फिर 57 गेंद पर अपना शतक पूरा कर लिया। हैरी ब्रूक के वनडे करियर का यह तीसरा शतक था। साथ ही उनके वनडे करियर की यह अब तक की सबसे बड़ी पारी भी थी।
जो रूट 108 गेंद पर 1 छक्का और 9 चौके की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद रहे। रूट के वनडे करियर का यह 20वां शतक था। श्रीलंका के गेंदबाज पूरी तरह प्रभावहीन नजर आए। असिथा फर्नांडो ने 9 ओवर में 77 रन दिए। वानिंदु हसरंगा ने 10 ओवर में 76 और जेफ्री वेंडरसे ने 10 ओवर में 76 रन लुटाए। जेनिथ लियांगे सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 ओवर में 7 रन दिए।
पवन रत्नायके का शतक गया बेकार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही। पहले विकेट के लिए पथुम निसंका और कामिल ने 48 रन जोड़े। कामिल 22 रन बनाकर आउट हुए। कुसल मेंडिस भी 20 रन का योगदान करके जल्दी पवेलियन लौट गए। सेट हो चुके पथुम निसंका भी 25 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हो गए। पवन रत्नायके ने संघर्ष करना जारी रखा और 115 गेंद पर 121 रन बनाकर आउट हुए। वह सबसे अंत में आउट हुए। पूरी श्रीलंका की टीम 304 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की तरफ से जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट चटकाए। सैम करन के नाम एक विकेट रही।