ENG vs AUS 1st Ashes Test Day 4 Highlights: पहले एशेज टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी 273 रन बनाकर सिमट गई और अब ऑस्ट्रेलिया के सामने पहला टेस्ट जीतने के लिए 281 रन का लक्ष्य है। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलियाई टीम 3 विकेट खोकर 107 रन बना चुकी थी। अब भी ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 174 रन चाहिए जबकि मेजबान इंग्लैंड की टीम इस एशेज सीरीज का पहला टेस्ट जीतने से 7 विकेट दूर है। मैच का अंतिम दिन रोमांचक होने की उम्मीद है।
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच की अंतिम पारी में 281 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट खोकर 107 रन बना लिए थे। इस पारी में ख्वाजा और वॉर्नर के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन वॉर्नर 36 रन बनाकर रॉबिनसन की गेंद का शिकार हुए। उसके बाद 78 के टीम स्कोर पर मार्नस लाबुशेन (13) ब्रॉड की गेंद पर आउट हुए और स्टीव स्मिथ (6) को भी ब्रॉड ने पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। ये तीनों ही विकेट विकेटकीपर जॉनी बेरिस्टो के लपके गए कैचों की बदौलत मिले।
इससे पहले चौथे दिन का खेल इंग्लैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 28 रन से आगे खेलना शुरू किया। ऑली पोप और जो रूट ने तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की, लेकिन पोप के रुप में उसे चौथे दिन का पहला झटका लगा। उसके बाद इंग्लैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। नाथन लियोन और पैट कमिंस की गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की दूसरी पारी केवल 273 रन ही बना पाई। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड के पास 7 रन की बढ़त थी। दूसरी पारी में इंग्लैंड की तरफ से जो रूट और हैरी ब्रूक ने 46-46 रन की पारी खेली, जबकि बेन स्टोक्स ने 43 रन बनाए।
पैट कमिंस और लियोन का धमाल
पैट कमिंस और नाथन लियोन ने मिलकर 8 विकेट झटके। लियोन ने 80 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि कप्तान कमिंस ने 18.2 ओवर में 63 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इन दोनों गेंदबाजों के अलावा जोश हेजलवुड और स्कॉट बोलैंड ने 1-1 विकेट चटकाए।इंग्लैंड की पहली पारी
इससे पहले इंग्लैंड ने 8 विकेट के नुकसान पर 393 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। पहली पारी में जो रूट ने सर्वाधिक 118 रन जबकि जॉनी बेयरस्टो ने 78 रन की पारी खेली थी। इनके अलावा जैक क्राउली ने 73 गेंद पर 61 रन बनाकर इंग्लैंड को पहले टेस्ट मैच के पहले दिन धमाकेदार शुरुआत दी थी। लेकिन उस्मान ख्वाजा की बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने करारा जवाब दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने की वापसी
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा के 141 और एलेक्स कैरी के 66 रन की पारी के दम पर 386 रन बनाए थे। इन दोनों के अलावा ट्रेविस हेड ने 50 रन की पारी खेली थी। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया 7 रन से जरूर पीछे रह गई थी, लेकिन उसने इंग्लैंड की पहली पारी का अच्छा रिस्पांस दिया था।
