लंदन: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में जन्मे और इंग्लैंड के लिए चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले युवा तेज गेंदबाज जॉन टर्नर ने महज 25 साल की उम्र में संन्यास का ऐलान कर दिया है। टर्नर ने उस वक्त संन्यास का ऐलान किया है जब उनके पास हैम्पशर काउंटी के साथ दो साल का अनुबंध और ईसीबी का डेवलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट भी था। साल 2024 में वेस्टइंडीज दौरे पर टर्नर ने इंग्लैंड के लिए दो वनडे और इतने ही टी20 मैच खेले थे। जिसमें वो तीन विकेट अपने नाम कर सके।
पिछले साल जून के बाद से नहीं खेली है कोई क्रिकेट
पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण पिछले साल जून के बाद से टर्नर मैदान से दूर ही रहे। वो किसी भी तरह की क्रिकेट इस दौरान नहीं खेल पाए। ऐसे में उन्होंने अपने चोटों से परेशान होकर प्रोफेशनल क्रिकेट को छोड़ने का मुश्किल फैसला किया है। टर्नर यूनीवर्सिटी ऑफ एक्सेटर से इकोनॉमिक्स और फ़ाइनेंस में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में अगली चुनौती की ओर बढ़ने का यह सही समय है।
मेरे लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से है एक
टर्नर ने संन्यास का ऐलान करते हुए जारी बयान में कहा, प्रोफ़ेशनल और इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना हमेशा से मेरा सपना रहा है। हैम्पशायर और इंग्लैंड के लिए खेलना बचपन के उन्हीं सपनों को सच करने जैसा रहा है। मैंने खेल से रिटायर होने का फैसला किया है। जैसा कि आप सोच सकते हैं, यह मेरे लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक रहा है। स्ट्रेस फ़्रैक्चर, जिसने मुझे एक साल से ज़्यादा समय तक खेल से दूर रखा। मेरी चोटों के इतिहास ने मुझे बतौर क्रिकेटर और खेल से इतर अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर किया। इसके बाद मैंने तय किया कि यह अगले चैलेंज की ओर बढ़ने का सही समय है।'
हैम्पशर के साथ बिताए 5 साल रहे जीवन के सबसे बेहतरीन
टर्नर ने आगे कहा,'हैम्पशर के साथ बतौर प्रोफेशनल क्रिकेटर बिताए गए पांच साल मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन रहे। जिस दिन मैं अपने सपने को पूरा करने के लिए क्लब से जुड़ा सभी ने मेरा अच्छी तरह स्वागत किया और यह कभी नहीं बदला। क्लब ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया और जो मौके दिए उसके लिए मैं उनका जितना भी शुक्रिया अदा करूं वह कम है। पिछले कुछ सालों में मैंने जितना सोचा था उससे कहीं ज़्यादा हासिल किया, क्लब के लोगों के सहयोग के बगैर यह सब मुमकिन नहीं हो पाता।'
मां की वजह से मिला ब्रिटेन का पासपोर्ट और इंग्लैंड के लिए खेलने का मौका
टर्नर दक्षिण अफ्रीका के मशहूर स्कूल हिल्टन कॉलेज में पढ़े थे। उन्हें मां की नागरिकता की वजह से ब्रिटिश पासपोर्ट मिला और वो उच्च शिक्षा के लिए दक्षिण अफ्रीका से यूके आग गए। एक सफल ट्रायल के बाद साल 2021 में वह हैम्पशर काउंटी से जुड़े और 'द हंड्रेड' में शानदार प्रदर्शन के बाद 2023 में पहली बार इंग्लैंड की टीम में चुने गए। उन्हें हैम्पशायर की काउंटी चैंपियनशिप टीम में जगह बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने टीम के लिए सात प्रथम श्रेणी मैच खेले। इसके अलावा उन्होंने साल 2025 के शुरुआत में चोटिल होने से पहले लंकाशर के लिए लोन पर तीन मैच खेले।
असाधारण प्रतिभा वाले खिलाड़ी हैं टर्नर, टीम है उनका सफर खत्म होने से दुखी
जॉन टर्नर के असमय संन्यास के ऐलान के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए हैम्पशर के निदेशक जाइल्स व्हाइट ने कहा, जॉन एक असाधारण प्रतिभा वाले खिलाड़ी हैं। पूरा हैम्पशर क्रिकेट प्रोफेशनल क्रिकेट में उनके सफर के खत्म होने से दुखी है। उन्होंने,'हैम्पशर के साथ पिछले पांच साल के सफल में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। उनकी टीम इस दौरान चार बार T20 फाइनल में पहुंची। काउंटी चैंपियनशिप में डिवीजन वन में शीर्ष पर रही और दो बार वन-डे कप के फाइनल में भी जगह बनाई। व्हाइट ने कहा, उन्होंने क्लब और इंग्लैंड के लिए अपना सब कुछ दिया। हमें दुख है कि उन्होंने अपने खेल करियर को अलविदा कह दिया है, लेकिन हम उनके अगले सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। भविष्य में उनका फिर से स्वागत करने के लिए उत्सुक रहेंगे।'
