मुल्तान: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 7 अक्तूबर से मुल्तान में शुरू होने जा रहे तीन मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के आगाज से दो दिन पहले ही अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है। बेन स्टोक्स हैमिस्ट्रैंक इंजरी से पूरी तरह से नहीं उबर पाने की वजह से पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं उनकी जगह ओली पोप पहले टेस्ट में टीम की कमान संभालेंगे। दूसरे टेस्ट के लिए स्टोक्स की टीम में वापसी की संभावना है।
ब्रेडन कार्स करेंगे टेस्ट डेब्यू
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते वाले तेज गेंदबाज ब्रेडन कार्स अपना टेस्ट डेब्यू मुल्तान में करेंगे। जैक लीच की इंग्लैंड की एकादश में वापसी हुई है। वो जनवरी में भारत के खिलाफ आखिरी बार इंग्लैंड के लिए खेलते नजर आए थे। वहीं जैक क्राली उंगली की चोट से पूरी तरह उबरकर प्लेइंग-11 में वापसी करने में सफल हुए हैं। स्पिन गेंदबाजी में उनका साथ देने के लिए शोएब बशीर हैं। तेज गेंदबाजी की कमान क्रिस वोक्स के हाथों में होगी। उनका साथ देने के लिए गस एटकिंसन और ब्रेडन कार्स होंगे। एटकिंसन और वोक्स बल्ले से भी अपना जौहर दिखा सकते हैं।
