अहमदाबाद: भारत की मेजबानी में अहमदाबाद में 13वें वनडे विश्व कप का आगाज पिछले बार की विजेता इंग्लैंड और उपविजेता न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत के साथ हो गया। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। कीवी गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों की ज्यादा नहीं चली और सपाट पिच पर 50 ओवर में 9 विकेट पर 282 रन का स्कोर खड़ा कर सकी।
सभी बल्लेबाजों ने छुआ दो अंक का आंकड़ा
इसी दौरान जोस बटलर की कप्तानी वाली टीम ने एक ऐसा कारनाम कर दिखाया जो इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहले कभी नहीं हुआ था। टीम के पहले से 11 नंबर तक के सभी बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को छूने में सफल हुए। आम तौर पर निचले क्रम के बल्लेबाज ऐसा करने में नाकाम रहते हैं लेकिन टॉप से लेकर टेल तक इंग्लैंड के सभी बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े तक पहुंचे। इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी 77 रन की पारी जो रूट ने खेली। वहीं सबसे कम 11-11 रन मोईन अली और क्रिस वोक्स ने बनाए।
जो रूट ने खेली इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी पारी
जो रूट इंग्लैंड के एकलौते बल्लेबाज रहे जो अच्छी शुरुआत को अर्धशतकीय पारी में तब्दील करने में सफल हुए। कप्तान जोस बटलर ने 42 गेंद में 43 रन की पारी खेली। बल्लेबाजी में गहराई होने के बावजूद इंग्लैंड की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
