क्रिकेट

ENG vs WI 3rd Test: इंग्लैंड ने किया वेस्टइंडीज का टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ, तीसरे टेस्ट में दी 10 विकेट से मात

इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को तीन मैच की सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में 10 विकेट से मात देकर 3-0 के अंतर से सीरीज पर कब्जा कर लिया है।

Image

इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • वेस्टइंडीज को इंग्लैंड ने दी तीसरे टेस्ट में 10 विकेट से मात
  • बेन स्टोक्स ने जड़ा चेज करते हुए आतिशी अर्धशतक
  • गस अटकिंसन चुने गए प्लेयर ऑफ द सीरीज, मार्क वुड प्लेयर ऑफ द मैच

बर्मिंघम: बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को मैच की सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 10 विकेट से मात देकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया है। मैच के तीसरे और आखिरी दिन 2 विकेट पर 33 रन से आगे खेलने उतरी विंडीज की टीम अपनी दूसरी पारी में 175 रन पर ढेर हो गई। इसके बाज जीत के लिए मिले 82 रन के लक्ष्य को 7.2 ओवर में बेन स्टोक्स की 28 गेंद में 57 और बेन डकेट की 16 गेंद में 25 रन की पारी की बदौलत 10 विकेट रहते हासिल कर लिया।

दूसरी पारी में 175 रन पर ढेर हुआ वेस्टइंडीज, वुड ने झटके 5 विकेट

तीसरे दिन 33 रन पर 2 विकेट से आगे खेलने उतरी विंडीज की पारी को माइकल लुईस और एलिक अथनाजे ने आदे बढ़ाया। दोनों टीम को 50 रन के पार ले गए लेकिन 53 के स्कोर पर अथनाजे को शोएब बशीर ने एलबीडब्लू कर दिया। उन्होंने 12 रन बनाए। इसके बाद लुईस को केवम होज का साथ मिला दोनों ने मिलकर टीम को 125 रन तक पहुंचाया। लेकिन अर्धशतक जड़ने के बाद लुईस स्टोक्स की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 55 रन बनाए। लुईस के आउट होने के बाद केवम हॉज ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते गए। 162 रन पर 7 विकेट विंडीज ने गंवा दिए थे। हॉज के 171 के स्कोर पर आउट होने के बाद पूरी टीम 175 रन पर ढेर हो गई। हॉज ने 55(76) रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में मार्कवुड ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। वहीं 2 विकेट गस अटकिंसन के खाते में गए। 1-1 सफलता वोक्स, बशीर और स्टोक्स को मिली।

स्टोक्स के आतिशी अर्धशतक ने दिलाई 10 विकेट से जीत

जीत के लिए 82 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड के लिए अप्रत्याशित रूप से पारी की शुरुआत करने कप्तान बेन स्टोक्स बेन डकेट के साथ उतरे। दोनों ने मैदान पर उतरते ही चौकों छक्कों की बारिश शुरू कर दी। स्टोक्स ने 24 गेंद में 9 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। जो कि इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे तेज अर्धशतक का नया रिकॉर्ड है। 7.2 ओवर में इंग्लैंड ने 82 रन का लक्ष्य बगैर किसी नुकसान के हासिल कर लिया। स्टोक्स 28 गेंद में नाबाद 56 और डकेट 16 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्क वुड को प्लेयर ऑफ द मैच और गस अट्किंसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने डेब्यू टेस्ट सीरीज में 22 विकेट अपने नाम किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article