England vs Pakistan Test Series full schedule: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 19 अगस्त से शुरू हो रही है। दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की यह टेस्ट सीरीज क्रिकेट फैंस के लिए किसी जंग से कम नहीं होगी। एक तरफ जो रूट की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम है तो दूसरी तरफ बाबर आजम की पाकिस्तान टीम। दोनों ही टीमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अंक जुटाने और वर्चस्व साबित करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
इंग्लैंड ने दो टेस्ट के लिए किया टीम का ऐलान
पाकिस्तान की टीम जहां एक तरफ वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से ड्रॉ के बाद इंग्लैंड पहुंचा है। वहीं इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में टेस्ट सीरीज 2-1 से गंवाकर पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज खेलने जा रही है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। टीम में कई बड़े बदलाव हुए हैं। स्टोक्स-मैकुलम युग खत्म होने के बाद यह सीरीज जो रूट के लिए कप्तान के तौर पर पहली असाइनमेंट होगी। स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद रूट को फिर से कमान सौंपी गई है। कोच ब्रेंडन मैकुलम की जगह इस सीरीज में मार्कस ट्रेस्कोथिक अंतरिम हेड कोच की भूमिका निभाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- इंग्लैंड ने पहले दो टेस्ट के लिए किया टीम का ऐलान, डैन लॉरेंस की दो साल बाद वापसी
इंग्लैंड को जैकब बेथेल की कमी खलेगी। वह भारत के खिलाफ ODI सीरीज में दाहिने घुटने की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जॉर्डन कॉक्स को नंबर 3 पर मौका मिलेगा। कॉक्स ने इसी गर्मी में न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल में डेब्यू किया था। वहीं दो साल बाद डैन लॉरेंस की वापसी हुई है। काउंटी में सुरे के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले लॉरेंस नंबर 6 पर खेलेंगे और जैमी स्मिथ नंबर 7 पर शिफ्ट होंगे। ओली पोप, ब्राइडन कार्स और तेज गेंदबाज सैम कुक की भी टीम में वापसी हुई है।
वेस्टइंडीज के बाद इंग्लैंड पहुंचा पाकिस्तान
वहीं पाकिस्तान की टीम बाबर आजम की कप्तानी में इंग्लैंड पहुंची है। टीम में मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक, शान मसूद और साजिद खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रॉ की और अभी WTC पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है। वहीं इंग्लैंड 7वें नंबर पर है।
टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल:
पहला टेस्ट: 19 से 23 अगस्त - हेडिंग्ले, लीड्स
दूसरा टेस्ट: 27 से 31 अगस्त - लॉर्ड्स, लंदन
तीसरा टेस्ट: 9 से 13 सितंबर - एजबेस्टन, बर्मिंघम
इंग्लैंड की टीम:
जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक (उप-कप्तान), ब्राइडन कार्स, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।
पाकिस्तान की टीम
बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अज़ान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह।
