इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 1 विकेट के नुकसान पर 48 रन बना लिए हैं और 5वें दिन उसे जीत के लिए 210 रन की दरकार है। फिलहाल बेन डकेट 23 और ऑली रॉबिन्सन 1 रन बनाकर नाबाद हैं।
केन विलियमसन ने कराई वापसी
इससे पहले फॉलोऑन खेल रही न्यूजीलैंड की टीम ने केन विलियमसन और टॉम ब्लंडेल की शानदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड की मैच में वापसी करा दी। दोनों ने छठे विकेट के लिए 158 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और न्यूजीलैंड को 483 के स्कोर तक पहुंचाया।
इस दौरान विलियमसन ने अपने टेस्ट करियर का 26वां शतक जड़ा। उन्होंने 132 रन पारी खेली और न्यूजीलैंड की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनें। उन्होंने इस मामले में रॉस टेलर को पीछे छोड़ा। एक वक्त जब लग रहा था कि ब्लंडेल और विलियमसन की साझेदारी इंग्लैंड के लिए खतरा बन रही तब इस खतरनाक दिख रही साझेदारी को हैरी ब्रुक ने तोड़ा। आखिरी विकेट के रूप में टॉम ब्लंडेल 90 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड को मिला 258 रन का लक्ष्य
इंग्लैंड को दूसरा टेस्ट जीतने के लिए 258 रन का लक्ष्य मिला है। दूसरी पारी में इंग्लैंड को जैक क्राउली के रूप में पहला झटका लगा। उन्हें 24 रन के निजी स्कोर पर टिम साउथी ने क्लीन बोल्ड किया। अब इंग्लैंड को 5वें और आखिरी दिन 210 रन बनाने हैं और 9 विकेट उसके सुरक्षित हैं। 5वें दिन न्यूजीलैंड के पास भी इस मैच में वापसी करने का मौका होगा, यदि वह पहले सेशन में इंग्लैंड के कुछ विकेट हासिल कर लेते हैं।
