Ashes 2023, ENG vs AUS: इंग्लैंड के एजबेस्टन में ऐशज सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला जारी है। मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 368 रन पर ऑलआउट कर दिया और पहली पारी में 7 रन की बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने 311 और 5 विकेट से आगे खेलना शुरू किया। टीम ने 116.1 ओवर में 386 रन पर ढेर हो गई। दिन का खेल खत्म होने से पहले इंग्लैंड ने दूसरी पारी की शुरुआत की। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 10.3 ओवर में 28 रन पर दो विकेट गिर चुके थे। वहीं, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम ने 78 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 393 रन पर पहली पारी घोषित कर दी थी।
एंडरसन भी विकेट चटकाने में रहे सफल
इंग्लैंड के स्टार गेंदबाज जेम्स एंडरसन का शानदार प्रदर्शन एक बार फिर देखने को मिला। पहले सेशन के दौरान 40 साल के जेम्स एंडरसन गेंदबाजी करने आए। उन्होंने एलेक्स कैरी को 66 रन पर आउट कर सीरीज में अपना विकेट का खाता खोला। एंडरसन ने कुल 21 ओवर किए, जिसमें 2.52 की इकोनॉमी से 53 रन देकर एक विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 5 मेडन ओवर भी निकाले। इसी विकेट के साथ उन्होंने 1100 फर्स्ट क्लास विकेट भी पूरा कर लिया।
इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा है एंडरसन का प्रदर्शन
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का फर्स्ट क्लास के अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट में रिकॉर्ड शानदार है। वे 179 टेस्ट मैचों के 333 पारियों में 685 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा 194 वनडे मैचों में 269 विकेट चटका चुके हैं। इसके अलावा 19 टी20 मैचों में 18 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
