England vs Australia 2nd T20i Highlights: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को दूसरे टी20 मैच में 3 विकेट से मात दे दी है। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। कार्डिफ स्थित सोफिया गार्डन्स में खेले गए मैच में इंग्लैंड की जीत के हीरो लियाम लिविंग्सटन रहे जिन्होंने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी कहर बरपाया और वनडे टीम में वापसी का भी दावा ठोका।
मैच में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम नए कप्तान के साथ उतरी थी। दरअसल टीम के लीडर मिचेल मार्श की तबीयत ठीक नहीं थी जिसके चलते ट्रेविस हेड ने जिम्मेदारी संभाली हालांकि कप्तान के रुप में उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि वे टॉस के साथ-साथ मैच भी हार गए। मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 193 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इस लक्ष्य को इंग्लैंड ने केवल 19 ओवर में ही चेज कर लिया।
जैक फ्रेजर मैक्गर्क का चला बल्ला
मैच में मिचेल मार्श की जगह जैक फ्रेजर मेक्गर्क को जगह दी गई। तीसरे नंबर पर खेलने उतरी मैकगर्क ने 31 गेंदों पर 50 रन बनाए और टी20 इंटरनेशनल में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। उनके अलावा ट्रेविस हेड ने 14 गेंदों पर 31 रन बनाए वहीं जॉश इंग्लिश ने भी 26 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम के स्कोर को 193 तक ले जाने में मदद की। इंग्लैंड की तरफ से ब्रायडन कर्स और लिविंग्सटन ने 2-2 विकेट झटके।
लिविंग्सटन के तूफान में उड़ा ऑस्ट्रेलिया
194 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही थी। टीम को 4 ओवर के अंदर ही 2 बड़े विकेट गंवाने पड़े थे। हालांकि इसके बाद चौथे नंबर पर उतरे लिविंग्सटन ने पहले फिल सॉल्ट के साथ शानदार साझेदारी की और इसके बाद बैथल ने भी उनका अच्छे से साथ निभाया। हालांकि लिविंग्सटन अलग ही मूड में दिख रहे थे। उन्होंने 87 रन बनाए जिसमें 6 चौके औऱ 5 छक्के शामिल थे। उनकी पारी के चलते इंग्लैंड को 3 विकेट से जीत मिल गई।
