क्रिकेट

Dwayne Bravo: IPL में इस टीम से जुड़े ड्वेन ब्रावो, मिली बड़ी जिम्मेदारी

IPL 2025, Dwayne Bravo Joins KKR: पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो आईपीएल में नई टीम के साथ जुड़ गए हैं। आईपीएल के नए सीजन में वे खेलते नजर नहीं आएंगे। उनकी मेंटोरशिप में टीम खेलने उतरेगी।

Image

ड्वेन ब्रावो। (फोटो- IPL/BCCI)

IPL 2025, Dwayne Bravo Joins KKR: वेस्टइंडीज के दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से मेंटोर (मार्गदर्शक) के तौर पर जुड़ेंगे। विश्व कप विजेता 40 साल के ब्रावो केकेआर में गौतम गंभीर की जगह लेंगे, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में भारत के मुख्य कोच का पद संभालने के लिए यह भूमिका छोड़ दी थी। ब्रावो को चोट के कारण कैरेबियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र से बीच में ही हटना पड़ा था।

उन्होंने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘आज वह दिन है जब मैं उस खेल को अलविदा कह रहा हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है।’ उन्होंने लिखा, ‘एक पेशेवर क्रिकेटर के रूप में इक्कीस साल, यह एक अविश्वसनीय यात्रा रही है। यह कई उतार-चढ़ाव से भरी हुई है। सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि मैं अपना सपना इसलिए जी सका क्योंकि मैंने इस खेल को हर कदम पर शत प्रतिशत दिया।’ उन्होंने कहा, ‘मैं इस रिश्ते को जारी रखना चाहूंगा, लेकिन अब वास्तविकता का सामना करने का समय आ गया है।’

ब्रावो ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था जबकि आईपीएल में उन्होंने अपना आखिरी मैच 2022 में खेला था। वह इसके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स और अफगानिस्तान की टीम के साथ कोच के तौर पर जुड़े थे। नाइट राइडर्स समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने शुक्रवार को एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘डीजे ब्रावो का हमारे साथ जुड़ना एक रोमांचक विकास है। उनके व्यापक अनुभव और गहन ज्ञान के साथ-साथ जीतने की उनकी ललक से हमारी फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों को बहुत फायदा होगा।’ केकेआर के अलावा वह टी20 लीग में नाइट राइडर्स की फ्रेंचाइजी टीमों के भी प्रभारी होंगे। इस भूमिका में आने के बाद उनका चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ लंबे समय तक रहा जुड़ाव खत्म हो जायेगा।

मैसुर ने कहा, ‘‘हमें इस बात की भी खुशी है कि ब्रावो सीपीएल, एमएलसी और आईएलटी20 सहित विश्व स्तर पर हमारी अन्य फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ेंगे।’ ब्रावो ने केकेआर में अपनी भूमिका पर कहा, ‘मैं सीपीएल में पिछले 10 वर्षों से ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का हिस्सा हूं। मैंने विभिन्न लीगों में नाइट राइडर्स के लिए और उनके खिलाफ खेला है। मैं उनके संचालन के तरीके का बहुत सम्मान करता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘फ्रेंचाइजी मालिकों का जुनून, पेशेवर प्रबंधन और परिवार जैसा माहौल इसे विशेष बनाते हैं। यह मेरे लिए एकदम सही मंच है क्योंकि मैं खेलने से लेकर अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सलाह और कोचिंग देने के लिए आगे बढ़ रहा हूं।’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मन खेलना जारी रखना चाहता है लेकिन मेरा शरीर अब दर्द बर्दाश्त नहीं कर रहा है।’ ब्रावो ने मौजूदा सीपीएल सत्र से पहले कहा था कि यह उनका अंतिम टूर्नामेंट होगा। इस सप्ताह की शुरुआत में तरौबा में सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करते समय कमर में लगी चोट ने उनके सीपीएल करियर को छोटा कर दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मेरा दिमाग खेल को जारी रखना चाहता है, लेकिन मेरा शरीर अब दर्द को सहन नहीं कर पा रहा है। मैं खुद को ऐसी स्थिति में नहीं रख सकता जहां मैं अपने साथियों, अपने प्रशंसकों या जिन टीमों का प्रतिनिधित्व करता हूं उन्हें निराश कर सकूं।’

उन्होंने कहा, ‘ऐसे में मैं भारी मन से आधिकारिक तौर पर खेल से संन्यास की घोषणा करता हूं। आज, चैंपियन विदाई ले रहा है।’ अपने शानदार करियर के दौरान ब्रावो ने 582 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 631 विकेट लिए हैं और लगभग 7, 000 रन बनाए हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने प्रशंसकों को अटूट प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद कहना चाहता हूं। वेस्टइंडीज, दुनिया भर में और विशेष रूप से त्रिनिदाद और टोबैगो में मेरे सभी प्रशंसकों का हर परिस्थिति में साथ देने के लिए शुक्रिया। मैं अपने अगले अध्याय की प्रतीक्षा कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘एक बार फिर धन्यवाद। जल्द ही दूसरी जिम्मेदारी के साथ मिलते हैं।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article