क्रिकेट

हिम्मत पर भारी पड़ी मोनू शुक्ला की पारी, सुपर-ओवर के रोमांच में जीती आउटर दिल्ली वॉरियर्स (वीडियो)

मंगलवार को दिल्ली प्रीमियर लीग का पहला सुपर-ओवर खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने नई दिल्ली टाइगर्स को हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे मोनू शुक्ला जिनकी पारी हिम्मत सिंह पर भारी पड़ी।

Image

हिम्मत सिंह (साभार-X)

दिल्ली प्रीमियर लीग के 8वें मैच में सुपर-ओवर का रोमांच देखने को मिला। यह इस सीजन का पहला सुपर ओवर रहा जहां आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने नई दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में बारिश का प्रभाव रहा जिसके चलते मुकाबला 15-15 ओवर का कर दिया गया। नई दिल्ली टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 156 रन का स्कोर खड़ा किया। नई दिल्ली टाइगर्स की ओर से लक्ष्य थरेजा ने 41 गेंद में 62 और कप्तान हिम्मत सिंह ने केवल 25 गेंद में 61 रन की तूफानी पारी खेली। हिम्मत ने इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के जड़े।

आउटर दिल्ली को मिला 155 का संशोधित लक्ष्य

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में आउटर दिल्ली को 155 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। आखिरी ओवर में आउटर दिल्ली को 9 रन की दरकार थी। शुरुआती 4 गेंद में टीम 8 रन बना चुकी थी, लेकिन आखिरी दो गेंद में नई दिल्ली टाइगर्स ने दो विकेट लेकर मैच को बराबरी पर रोक दिया। आखिरी गेंद पर प्रथम सलुजा को हिम्मत सिंह ने रन आउट किया।

सुपर ओवर के रोमांच में हारा नई दिल्ली टाइगर्स

आउटर दिल्ली ने सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 रन का स्कोर खड़ा किया। आउटर दिल्ली की ओर से मोनू शुक्ला ने 3 छक्के जड़े। 21 रन का पीछा करने उतरी नई दिल्ली टाइगर्स की ओर से कप्तान हिम्मत सिंह ने छक्के से शुरुआत की और उम्मीद बढ़ा दी। लेकिन अगली ही गेंद पर वह शिवम शर्मा की गेंद पर आउट हो गए। अगली गेंद पर बल्लेबाजी करने आए ऋतिक शौकीन खाता भी नहीं खोल पाए और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने यह मुकाबला जीत लिया। मोनू शुक्ला को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article