क्रिकेट

DPL 2025: ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दर्ज की आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ जीत, प्रियांश आर्य के शतक पर फिरा पानी

अनुज रावत ने अपनी कप्तानी आतिशी पारी के बल पर प्रियांश आर्य की आतिशी शतकीय पारी पर पानी फेर दिया। इसके साथ ही ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम डीपीएल में आउटर दिल्ली वॉरियर्स को मात देने में सफल रही।

Image

ईस्ट दिल्ली राइ़डर्स (फोटो क्रेडिट @DelhiPLT20 X)

नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के दूसरे सीजन में शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में रनों की बरसात हुई। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने आउटर दिल्ली वॉरियर्स पर पांच विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 232 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा राइडर्स ने चार गेंद शेष रहते ही सफलतापूर्वक कर लिया। डीपीएल के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा रन चेज था।

प्रियांश आर्य ने जड़ा आतिशी शतक

इससे पहले, आउटर दिल्ली वॉरियर्स के लिए सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। प्रियांश आर्य ने 56 गेंदों पर 111 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में सात चौके और नौ छक्के शामिल थे। उनकी पारी ने टीम को एक बड़े लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की। करण गर्ग ने प्रियांश का साथ देते हुए अच्छी साझेदारी की। 24 गेंदों पर 43 रनों की तेज पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवरों में 231 रन बोर्ड पर लगा दिए।

अनुज रावत ने खेली कप्तानी पारी

जवाब में, ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वे 51 रनों पर 3 विकेट गंवा बैठे। लेकिन, टीम ने हार नहीं मानी और अर्पित राणा और कप्तान अनुज रावत की साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 130 रनों की शानदार साझेदारी की और दबाव में आक्रामक बल्लेबाजी और संयम से लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की। अर्पित राणा ने 45 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 79 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि कप्तान अनुज रावत ने केवल 35 गेंदों पर दो चौकों और नौ छक्कों की मदद से 84 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।

ऐसा है अंक तालिका का हाल

इस जीत के साथ, ईस्ट दिल्ली राइडर्स अब डीपीएल अंक तालिका में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बाद दूसरे स्थान पर है। टीम को चार मैचों में केवल एक हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर, आउटर दिल्ली वॉरियर्स, जिसने चार मैचों में केवल एक ही मैच जीता है वह आगे के मैचों में वापसी की उम्मीद करेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article