क्रिकेट

DPL 2025: मनी ग्रेवाल की हैट्रिक की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दी ईस्ट दिल्ली राइडर्स को मात, प्लेऑफ में हुई एंट्री

दिल्ली प्रीमियर लीग के 39वें मैच में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को करारी मात दी। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर अपनी डेब्यू पारी में धमाल नहीं मचा सके। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

सेंटल दिल्ली किंग्स (फोटो क्रेडिट @DelhiPLT20 X)

नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 (डीपीएल) के 39वें मैच को अपने नाम किया। इस टीम ने बुधवार को ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ 62 रन से जीत दर्ज की। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने छह विकेट खोकर 155 रन बनाए। इस टीम को 25 के स्कोर पर कौशल सुमन के रूप में बड़ा झटका लगा। सुमन 11 गेंदों में महज नौ रन बनाकर आउट हुए।

डेब्यू पारी में नहीं चला आर्यवीर सहवाग का बल्ला

इसके बाद आर्यवीर सहवाग 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में चार चौके शामिल थे। कप्तान जोंटी सिद्धू दो रन से ज्यादा टीम के खाते में नहीं जोड़ सके। किंग्स 48 रन तक अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां से युगल सैनी ने जसवीर सहरावत के साथ चौथे विकेट के लिए 74 रन जुटाते हुए टीम को संभाला। युगल सैनी 32 गेंदों में दो छक्कों और पांच चौकों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जसवीर ने 35 गेंदों में नाबाद 37 रन जुटाए। विपक्षी खेमे से रौनक वाघले ने सर्वाधिक दो शिकार किए, जबकि रोहित यादव, मयंक रावत और अखिल चौधरी को एक-एक सफलता हाथ लगी।

93 रन पर सिमटी ईस्ट दिल्ली, मनी ग्रेवाल ने झटकी हैट्रिक

इसके जवाब में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम 16 ओवरों में महज 93 रन पर सिमट गई। इस टीम को महज 6 रन पर सुजल सिंह (1) के रूप में झटका लगा। तीसरे ओवर की अंतिम तीन गेंदों पर क्रमश: हार्दिक शर्मा (4), शिवम त्रिपाठी (0) और अनुज रावत (0) को आउट करते हुए मनी ग्रेवाल ने हैट्रिक पूरी की। यहां से राइडर्स की टीम संभल नहीं सकी। अर्पित राणा 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रौनक ने 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अखिल चौधरी ने 22 गेंदों में सर्वाधिक 26 रन बनाए। विपक्षी टीम के लिए मनी ग्रेवाल ने चार ओवरों में 23 रन देकर सर्वाधिक पांच शिकार किए। उनके अलावा गविंश खुराना ने दो विकेट चटकाए।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article