क्रिकेट

हताश BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल बोले- भारत से सीरीज की तारीखों में बदलाव हो सकता है, बोर्ड को 40 करोड़ टका का नुकसान, इस बार BPL मुमकिन नहीं

BCB President Tamim Iqbal Statement: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का हाल इस समय खराब होता नजर आ रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल हताश नजर आए और कहा कि भारत से सीरीज अभी टलेगी। वहीं, उन्होंने ये भी बताया कि इस बार बांग्लादेश प्रीमियर लीग शायद ही हो पाएगी क्योंकि बोर्ड को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

Image

बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल (X/Bangladeshcricket)

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष व पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल (Tamim Iqbal) ने कहा है कि भारत के खिलाफ बहुप्रतीक्षित घरेलू सीरीज की तारीखें ’आगे-पीछे हो सकती हैं’ क्योंकि बोर्ड अपने कैलेंडर में बदलाव कर रहा है, जिसमें भारी वित्तीय नुकसान के कारण इस वर्ष बांग्लादेश प्रीमियर लीग (टी20 का प्रमुख टूर्नामेंट) के शामिल होने की संभावना नहीं है।तमीम ने यहां पत्रकारों से कहा कि बीसीबी 28 अगस्त से नौ सितंबर तक शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक खेल विकास टूर्नामेंट का आयोजन करेगा, जिसमें अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 श्रेणियों के खिलाड़ी भाग लेंगे।

तमीम इकबाल ने कहा, "भारत के साथ होने वाली श्रृंखला को लेकर बातचीत चल रही है। इसकी तारीखों में बदलाव हो सकता है।" क्रिकबज के अनुसार उन्होंने कहा, "पूर्व कार्यक्रम के अनुसार यह श्रृंखला मीरपुर में होनी है लेकिन जरूरत पड़ने पर इसे बसुंधरा मैदान (ढाका) में भी स्थानांतरित किया जा सकता है। भारत के साथ श्रृंखला तय होने के बाद हम उसके अनुसार अपना कार्यक्रम तैयार करेंगे।"

भारत ने पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ 13 से 17 सितंबर तक नयी दिल्ली में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला निर्धारित कर ली है। इससे सितंबर में भारत-बांग्लादेश श्रृंखला की संभावना लगभग खत्म हो गई है। पिछले साल बांग्लादेश में अशांति के कारण यह श्रृंखला स्थगित कर दी गई थी।

खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी द्वारा भ्रष्टाचार सहित कई विवादों में घिरी बीपीएल के बारे में तमीम ने कहा कि बोर्ड को अपनी वित्तीय स्थिति में सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बीपीएल के कारण पिछले दो सत्र में 40 करोड़ बांग्लादेशी टका (लगभग 31 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। तमीम ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इस साल बीपीएल का आयोजन होगा। मैं इस तरह से बीपीएल का आयोजन नहीं करना चाहता। पिछले दो वर्षों में बीसीबी को लगभग 40 करोड़ टका का नुकसान हुआ है।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!