Major League Cricket: आईपीएल में पांच खिताब अपने नाम कर चुकी मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी की टीम एमआई न्यूयॉर्क भी मेजर लीग क्रिकेट में खिताब के दौर में शामिल है। लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में एमआई न्यूयॉर्क टीम ने शानदार प्रदर्शन कर वॉशिंगटन फ्रीडम को रोमांचक मुकाबले में 16 रन से हराया और क्वालिफायर-2 में जगह बनाई। इस मुकाबले में टीम के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का जमकर बल्ला चला। उन्होंने 139.02 की स्ट्राइक रेट से 41 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 57 रन बनाए।
तीन मैच में पहला अर्धशतक
दक्षिण अफ्रीका के 20 साल के डेवाल्ड ब्रेविस का वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ जमकर बल्ला चला। उन्होंने सबसे ज्यादा 57 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इसके साथ वे प्लेयर ऑफ द मैच भी चुके गए। यह उनका लीग में तीन मैचों में पहला अर्धशतक है। इससे पहले डेवाल्ड ब्रेविस ने लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के खिलाफ 15 रन पर और सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न के खिलाफ 32 रन पर आउट हो गए थे।
क्वालीफायर-2 में मुंबई का सामना चेन्नई से
मेजर लीग क्रिकेट का रोमांच दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। लीग का क्वालीफायर-2 मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइज की टीम टेक्सास सुपर किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी की टीम एमआई न्यूयॉर्क से होगा। यह मुकाबला सुबह 6 बजे से खेला जाएगा।
