India vs Sri Lanka: भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच में नंबर तीन पर बैटिंग करते हुए मिले मौके का पूरा फायदा उठाया और शतक जड़ा। साई सुदर्शन की गैर-मौजूदगी में नंबर तीन पर बैटिंग करने वाले पडिक्कल ने 164 गेंदों पर नाबाद 142 रन बनाए। उनके शतक की बदौलत भारत ने 357 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। शतक के बाद पडिक्कल बहुत खुश थे और उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो शब्दों का दिलचस्प संदेश लिखा। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने ना सिर्फ इशारों में भारतीय टीम प्रबंधन को संदेश दिया है, बल्कि विरोधी टीम को भी चेतावनी दे दी है।
अपनी इस शतकीय पारी के बाद देवदत्त पडीक्कल ने लिखा, "वार्म-अप हो गया है।" पडिक्कल का यह पोस्ट टीम मैनेजमेंट के लिए एक सीधा मैसेज था कि वह टेस्ट सीरीज के लिए तैयार हैं। जबकि, विरोधी श्रीलंकाई टीम के लिए संदेश था कि अगर वो प्लेइंग-11 में शामिल हुए तो उनके गेंदबाजों की खैर नहीं।
साई सुदर्शन की गैर-मौजूदगी में अब पडिक्कल नंबर तीन पर बैटिंग करने के लिए सबसे बड़े दावेदार हैं। पैर की उंगली में चोट के कारण सुदर्शन सीरीज़ से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है।
पडिक्कल ने अब तक सिर्फ़ दो टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने मार्च 2024 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उसी साल पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ उन्होंने अपना अगला मैच खेला। तब से पडिक्कल बेंच पर ही हैं। उन्होंने तीन पारियों में 90 रन बनाए हैं। पडिक्कल ने दो T20I मैचों में 38 रन बनाए हैं। उन्होंने अभी तक कोई वनडे मैच नहीं खेला है।
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज़ 15 अगस्त से शुरू होगी। सीरीज़ का पहला मैच गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज़ का दूसरा मैच 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में खेला जाएगा। शुभमन गिल अपने करियर में पहली बार श्रीलंका में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। पिछले कुछ सालों में स्पिन के खिलाफ भारत को संघर्ष करना पड़ा है और आने वाली सीरीज़ में उनके सामने बड़ी चुनौती होगी।
