क्रिकेट

DC W vs RCB W: लौरा वोलवार्ट की तूफानी पारी, दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को थमाई पहली हार

विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में आरसीबी को पहली हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली कैपिटल्स ने प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर चल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 26 गेंद रहते सात विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स ने अनुशासित गेंदबाजी के बाद लौरा वोलवार्ट 42 रन की नाबाद पारी की बदौलत जीत दर्ज की।

Laura Wolvaardt (2)

दिल्ली ने आरसीबी को धमाई पहली हार। फोटो- WPL

वडोदरा, भाषा। दिल्ली कैपिटल्स ने अनुशासित गेंदबाजी के बाद लौरा वोलवार्ट 42 रन की नाबाद पारी से शनिवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (WPL) मैच में प्वाइंट्स में शीर्ष पर चल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 26 गेंद रहते सात विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की।

आरसीबी को टूर्नामेंट में पहली हार का मुंह देखना पड़ा, जिसके छह मैच में पांच जीत से 10 अंक हैं। इस हार के बावजूद वह शीर्ष पर कायम हैं। दिल्ली कैपिटल्स छह मैच में तीसरी जीत से छह अंक से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

109 रन पर सिमटी आरसीबी

दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजों ने आरसीबी को 20 ओवर में महज 109 रन पर समेट दिया। आरसीबी की केवल 3 खिलाड़ी ही दोहरे अंक के स्कोर तक पहुंच सकी, जिसमें कप्तान स्मृति मंधाना 38 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए नंदिनी शर्मा ने 3 विकेट जबकि मरिजान काप, चिनेल हेनरी और मीनू मणि ने दो-दो विकेट झटके। श्री चरणी ने एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य बड़ा नहीं था और दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर इसे हासिल कर लिया। उसके लिए लौरा वोलवार्ट 38 गेंद में 42 रन बनाकर नाबाद रहीं। आरसीबी के लिए सयाली सतघरे ने पावरप्ले में सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (8 गेंद में 16 रन) और लिजेल ली (06) के विकेट लेकर शुरूआती झटके दिए।

वोलवार्ट और रोड्रिग्स की साझेदारी

लेकिन वोलवार्ट और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (24 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 49 गेंद में 52 रन की भागीदारी निभाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। फिर वोलवार्ट और मारिजान काप (नाबाद 19 रन) आसानी से टीम को जीत दिलाई। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आरसीबी की शुरूआत काफी धीमी रही।

सलामी बल्लेबाज ग्रेस हैरिस (09) पवेलियन पहुंचने वाली पहली खिलाड़ी रही, जिन्हें मरिजान काप (17 रन देकर दो विकेट) ने छठे ओवर में आउट किया। इस तरह उनके और मंधाना के बीच टीम की 36 रन की सबसे बड़ी साझेदारी का अंत हुआ। मंधाना ने 34 गेंद की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। वह 10वें ओवर में मीनू मणि (18 रन देकर दो विकेट) का शिकार हुईं।

नंदिनी को मिले तीन विकेट

इसके बाद टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए। मंधाना के अलावा केवल 2 अन्य खिलाड़ी ही दोहरे अंक तक पहुंची, जिसमें राधा यादव ने 17 गेंद में 18 रन और जॉर्जिया वाल ने 11 रन बनाए। टीम ने 14वें ओवर में 78 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे और फिर पूरी टीम 20 ओवर में आउट हो गई। दिल्ली कैपिटल्स के लिए नंदिनी शर्मा ने 26 रन देकर तीन विकेट झटके। चिनेली हेनरी ने 22 रन देकर दो विकेट प्राप्त किए जबकि श्री चरणी को एक विकेट मिला।

    उमेश कुमार
    उमेश कुमार author

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

    End of Article