क्रिकेट

DC vs MI Highlights: जेमिमा की कप्तानी पारी से दिल्ली ने मुंबई को 7 विकेट से हराया

DC vs MI Highlights: दिल्ली ने कप्तान जेमिमा की अर्धशतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियंस को हरा दिया। दिल्ली के सामने जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 3 विकेट खोकर 6 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। कप्तान जेमिमा के अलाना लिजेल ली ने 46 रन बनाए।

Image

दिल्ली और मुंबई की टीम (साभार-wpl)

विमेंस प्रीमियर लीग के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। दिल्ली के सामने जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने कप्तान जेमिमा की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जेमिमा 51 रन बनाकर नाबाद रहीं। जेमिमा के अलावा सलामी बैटर लिजेल ली के 46 और शेफाली वर्मा ने 27 रन की अहम पारी खेली। दिल्ली की यह 5वें मैच में दूसरी जीत है, जबकि मुंबई इंडियंस की यह छठे मुकाबले में चौथी हार है। मुंबई की ओर से अमनजोत कौर और वैष्णवी शर्मा ने 1-1 विकेट चटकाया।

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और सजीवन सजना के रूप में टीम को पहला झटका 21 के स्कोर पर लगा। सजना 9 गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हुईं। 21 के स्कोर पर ही दूसरी सलामी बल्लेबाज हेली मैथ्यूज भी 12 रन बनाकर आउट हो गईं। 21 पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा चुकी मुंबई इंडियंस को नैट सीवर ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने संभाला।

दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। 99 के स्कोर पर हरमनप्रीत कौर तीसरे विकेट के रूप में 33 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुईं। निकोला कैरी 12, अमनजोत कौर 3 रन बनाकर आउट हुईं।

नैट सीवर ब्रंट एक बार फिर से मुंबई की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरीं। तीसरे नंबर पर उतरी इस खिलाड़ी ने 45 गेंद पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 65 रन की पारी खेली। ब्रंट की पारी की बदौलत ही मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 154 रन बना सकी। दिल्ली की तरफ से एन चरणी ने शानदार गेंदबाजी की। बाएं हाथ की इस स्पिनर ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। हालांकि इकॉनमी के लिहाज से मारिजान काप शानदार रहीं। उन्होंने 4 ओवर में महज 8 रन देकर 1 विकेट निकाला। नंदनी शर्मा ने 4 ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट लिए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article