क्रिकेट

नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में दीप्ति शर्मा ने की झूलन गोस्वामी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

दीप्ति शर्मा ने नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में अपने हमवतन झूलन गोस्वामी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से पहले दीप्ति के नाम 354 विकेट थे और उन्हें इसके लिए एक विकेट की दरकार थी।

Image

दीप्ति शर्मा (साभार-X)

दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया। नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से पहले दीप्ति शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 354 विकेट लेकर इस लिस्ट में नंबर दो पर थी। लेकिन जैसे ही उन्होंने नीदरलैंड्स की बैटर फीबी मोल्कनबोएर को आउट किया, उन्होंने झूलन गोस्वामी की बराबरी कर ली। दीप्ति ने पहले ही ओवर में यह मुकाम हासिल कर लिया। दीप्ति ने पहले ओवर की तीसरी ही गेंद पर मोल्कनबोएर को जेमिमा रॉड्रिग्स के हाथों कैच करवाया। उन्होंने अपने हमवतन खिलाड़ी झूलन गोस्वामी की बराबरी कर ली जो 355 विकेट लेकर लंबे वक्त से टॉप पर बनी हुईं थीं।

T20I की सबसे सफल गेंदबाज दीप्ति

दीप्ति शर्मा ने 6 टेस्ट, 124 वनडे और 146 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में क्रमश: 22, 166 और 166 विकेट चटकाए हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे सफल गेंदबाज हैं। दीप्ति के नाम टेस्ट में एक, वनडे में 4 और टी20 में दो फाइफर है। दूसरा फाइफर तो उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में झटके थे। पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में दीप्ति ने केवल 10 रन देकर 5 खिलाड़ियों को आउट किया था।

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में नंदिनी शर्मा को डेब्यू करने का मौका मिला। भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मंधाना के 74 और शेफाली वर्मा के 55 रन की पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान 209 रन का स्कोर खड़ा किया। इन दोनों के अलावा ऋचा घोष ने 20 और दीप्ति शर्मा ने 500 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 10 रन बनाए। इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 17.3 ओवर में 114 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 और शेफाली वर्मा ने 3 और नंदनी शर्मा ने 2 विकेट चटकाए। अब 21 जून को भारतीय टीम अपना तीसरा मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article