क्रिकेट

T20 World Cup: बड़ी खबर, विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया का दिग्गज बल्लेबाज चोटिल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 14, 2022, 04:50 PM IST

David Warner Injured, ICC T20 World Cup 2022: आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को करारा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्टार ओपनर डेविड वॉर्नर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के मैच के दौरान चोटिल हो गए और शुक्रवार को वो मैदान पर नहीं उतर सके।

Image

डेविड वॉर्नर

Photo : PTI

टी20 विश्व कप 2022 अब शुरू होने के करीब है और इस दौरान जो भी टीमें किसी सीरीज या मैचों में व्यस्त हैं, वे अपने खिलाड़ियों की फिटनेस पर अतिरिक्त ध्यान दे रही हैं। क्योंकि इस बीच कई खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं जिसमें भारत के जसप्रीत बुमराह सबसे बड़ा नाम हैं जो चोटिल होने के कारण विश्व कप से बाहर हो गए हैं। इसी कड़ी में ताजा झटका ऑस्ट्रेलिया को लगता दिख रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्टार बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के चोटिल होने की खबर है।

ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मैच से हट गए क्योंकि उनको गर्दन में जकड़न की शिकायत है। इस ताजा खबर से ऑस्ट्रेलियाई टीम को करारा झटका लगा है। आस्ट्रेलियाई टीम 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ अभियान शुरू करने से पहले अगले हफ्ते मंगलवार को ब्रिसबेन में अभ्यास मैच में भारत से भिड़ेगी।

गौरतलब है कि डेविड वार्नर पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में टीम के टी20 विश्व कप विजयी अभियान में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे थे। उन्होंने ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा, ‘‘मेरी गर्दन आज सुबह से जकड़ी हुई है। मैं पिछले दिन काफी तेजी से गिर गया था। मैं पहले गर्दन के बल इतनी जोर से कभी नहीं गिरा। गर्दन में वास्तव में जकड़न है।’’

तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में स्टीव स्मिथ को उनकी जगह शामिल किया गया। वॉर्नर (35 साल) दो अर्धशतक जड़कर शानदार फॉर्म में हैं, इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी वह ‘कनकशन’ (सिर में चोट लगने) से बच गये थे।

वार्नर ‘प्वाइंट बाउंड्री’ पर मोईन अली का कैच लेने का प्रयास करते हुए अजीब तरीके से गिर गये थे जिससे उनकी जगह स्मिथ को शामिल किया गया। पर ‘कनकशन’ जांच पास करने के बाद उन्होंने कप्तान आरोन फिंच के साथ पारी का आगाज किया। लेकिन पांचवें ओवर में वह चार रन के स्कोर पर आउट हो गये।

इंग्लैंड ने मैच चार रन से जीतकर श्रृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली थी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article