लाहौर: अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हुए ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट भारत या न्यूजीलैंड के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल से बाहर रह सकते हैं। शॉर्ट ने बारिश के कारण रद्द हुए मैच में 15 गेंद में 20 रन बनाये। उन्हें अजमतुल्लाह उमरजइ ने पवेलियन भेजा था। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने आस्ट्रेलियाई एसोसिएट प्रेस से कहा,'मुझे लगता है कि वह पूरी तरह फिट नहीं है। हमने देखा कि वह ठीक से मूवमेंट नहीं कर पा रहा था। अगले मैच में उसका रिकवर हो पाना मुश्किल होगा।'
किससे होगी सेमीफाइनल में भिड़ंत?
ऑस्ट्रेलियाई टीम आक्रामक बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैक्गर्क को उतार सकता है हालांकि श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में दो वनडे में वह नाकाम रहे थे। हरफनमौला आरोन हार्डी भी एक विकल्प हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया का सामना मंगलवार को सेमीफाइनल में दुबई में भारत से या बुधवार को लाहौर में न्यूजीलैंड से हो सकता है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी ग्रुप मैच के बाद ही यह तय होगा।
मैक्गर्क का अच्छा नहीं रहा है वनडे में रिकॉर्ड
मैक्गर्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अबतक 7 वनडे मैच खेले हैं जिसकी सात पारियों में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 98 रन 14 के औसत से बनाए हैं। 41 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ऐसे में इतने बड़े मंच पर ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनिंग जोड़ी का बिगड़ना अच्छे संकते नहीं है। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर में और घातक हो जाती है। इसलिए जैक फ्रेजर मैक्गर्क ज्यादा दबाव में नहीं होंगे।
