क्रिकेट

CSK vs RCB मैच रिजल्ट और फुल स्कोरकार्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 24, 2024, 08:47 AM IST

आईपीएल के 17वें सीजन के उद्धाटन मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच भिड़ंत हुई। मैच में बाजी चेन्नई सुपर किंग्स के हाथ लगी। ऐसा रहा मैच का हाल, जाने मैच से जुड़ी अहम बातें।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, आईपीएल 2024

KEY HIGHLIGHTS
  • चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता आईपीएल 2024 का पहला मैच
  • आरसीबी को दी 6 विकेट के अंतर से मात
  • मुस्तफिजुर रहमान बने चेन्नई के लिए डेब्यू मैच में हीरो

इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन की शुरुआत पिछले साल की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच हुई। मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 173 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में जीत के लिए मिले विजयी लक्ष्य को चेन्नई सुपर किंग्स ने पहली बार रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेलते हुए हासिल कर लिया। जानिए मैच के मुख्य अंश।

किसने जीता टॉस:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने आईपीएल 2024 के उद्धाटन मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

इन खिलाड़ियों ने किया डेब्यू:

आईपीएल के 17वें सीजन के पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल, बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान और भारत के समीर रिजवी ने डेब्यू किया। वहीं आरसीबी के लिए कोई नया खिलाड़ी मैदान में नहीं उतरा।

अच्छी रही आरसीबी की शुरुआत:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की शुरुआत अच्छी रही। विराट कोहली और फॉफ डुप्लेसी की सलामी जोड़ी ने 4 ओवर में 37 रन बगैर किसी नुकसान के जोड़ लिए थे। विराट एक छोर थामे खड़े थे दूसरे छोर पर फॉफ डुप्लेसी तेजी से रन बना रहे थे। 4.2 ओवर में दोनों के बीच 41 रन की साझेदारी हो गई थी।

मुस्तफिजुर रहमान ने की धमाकेदार शुरुआत:

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू करते हुए शानदार शुरुआत टीम को दी। उन्होंने अपने ओवर की तीसरी गेंद पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे डुप्लेसी को रचिन रवींद्र के हाथों कैच करा दिया और चेन्नई को पहली सफलता दिलाई। डुप्लेसी ने 23 गेंद में 35 रन 8 चौके की मदद से बनाए। इसी ओवर में मुस्तफिजुर ने रजत पाटीदार(0) को भी विकेट के पीछे कैच कराकर दूसरा झटका आरसीबी को दिया।

दीपक चाहर ने किया मैक्सवेल का शिकार:

दीपक चाहर ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर धोनी के हाथों विकेट के पीछे कैच करा दिया। मैक्सवेस अपना खाता भी नहीं खोल सके। पॉवरप्ले में आरसीबी की टीम 42 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में विराट कोहली ने एक छोर संभाला और कैमरून ग्रीन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और 77 रन तक पहुंचाया।

मुस्तफिजुर ने दूसरी बार दिए दोहरे झटके:

मुस्तफिजुर रहमान ने पारी के 12वें ओवर में पिच पर पैर जमा चुके विराट कोहली और कैमरून ग्रीन के रूप में दो झटके 2 गेंद के अंतराल में आरसीबी को दिए। आरसीबी की टीम विराट कोहली के 21 और ग्रीन के 21 रन बनाकर आउट होने के बाद 11.4 ओवर में 78 रन पर 5 विकेट पर पहुंच गई। विराट कोहली दुर्भाग्यशाली रहे उनका बाउंड्री पर शानदार कैच अजिंक्य रहाणे और रचिन रवींद्र की जोड़ी ने लपका।

अनुज रावत-दिनेश कार्तिक ने लगाया बेड़ा पार:

78 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद अनुज रावत और आखिरी बार आईपीएल में खेल रहे दिनेश कार्तिक ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 50 गेंद में 95 रन की साझेदारी करके टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन तक पहुंचा दिया। अनुज रावत पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए उन्होंने 25 गेंद में 48 रन 4 चौके और 3 छक्के की मदद से बनाए। वहीं दिनेश कार्तिक 26 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट मुस्तफिजुर ने लिए। वहीं एक सफलता दीपक चाहर को मिली।

रचिन-रुतुराज ने दिलाई आतिशी शुरुआत

रचिन रवींद्र और रुतुराज गायकवाड़ ने चेन्नई को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 4 ओवर में 38 रन जोड़े लेकिन आखिरी गेंद पर गायकवाड़ 15(15) रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रचिन का साथ देने अजिंक्य रहाणे उतरे। दोनों ने 5.3 ओवर में सीएसके को 50 रन के पार पहुंचाया। पॉवरप्ले में चेन्नई ने 62/1 रन बनाए।

रचिन ने खेली 15 गेंद में 37 रन की पारी

सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर कर्ण शर्मा की गेंद पर रचिन गच्चा खा गए और 15 गेंद में 37 रन की आतिशा पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के जड़े। रचिन के आउट होने के बाद डेरिल मिचेल और रहाणे ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 99 के स्कोर पर रहाणे कैमरून ग्रीन की गेंद पर मैक्सवेल के हाथों लपके गए। उन्होंने 19 गेंद में 27 रन बनाए।

जडेजा-शिवम ने पार कराई जीत की दहलीज

इसके बाद डेरिल मिचेल और सुपर सब शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला। लेकिन 110 के स्कोर पर मिचेल भी ग्रीन की गेंद पर 22(18) रन बनाकर लपके गए। 12.3 ओवर में 110 रन पर 4 विकेट गंवाकर सीएसके मुश्किल नें नजर आ रही था। ऐसे में दुबे और रवींद्र जडेजा ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और 18.4 ओवर में चेन्नई को जीत दिला दी। दुबे 28 गेंद में 34 रन बनाकर और रवींद्र जडेजा 17 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद रहे।

जारी रहा आरसीबी का हार का सिलसिला

आरसीबी का चेपॉक में हार का सिलसिला 2008 से 2024 तक बदस्तूर जारी रहा। एक बार फिर चेन्नई को आरसीबी उसके घर पर मात देने में नाकाम रही।

मुस्तफिजुर बने मैन ऑफ द मैच

मुस्तफिजुर रहमान को सीएसके के लिए डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article