क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया

Vaibhav Sooryavanshi Awarded: भारत के उभरते हुए 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें राष्ट्रपति द़ौपदी मुर्मू द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसी समारोह के कारण आज वैभव विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार-मणिपुर मैच नहीं खेल सके थे।

Image

वैभव सूर्यवंशी हुए सम्मानित (X/BCCI)

Vaibhav Suryavanshi Awarded With Rashtriya Bal Puraskar: भारत के 14 वर्षीय क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) से सम्मानित किया गया। युवा क्रिकेटर समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलने वाले हैं।

पीएमआरबीपी भारत का पांच से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह वीरता, कला और संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, समाज सेवा और खेल सहित श्रेणियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिवर्ष दिया जाता है। वैभव को खेल श्रेणी में यह पुरस्कार मिला।

समारोह के बाद, बाएं हाथ के बिहार के इस बल्लेबाज की भारत अंडर-19 टीम के बाकी सदस्यों के साथ जुड़ने और जिम्बाब्वे जाने की उम्मीद है क्योंकि टीम 15 जनवरी से शुरू होने वाले आगामी अंडर-19 विश्व कप की तैयारी कर रही है।

एक दिन पहले ही भारत के घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट के मैच में बिहार-अरुणाचल प्रदेश मैच में वैभव ने 84 गेंदों में 190 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे। वैभव ने सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिससे वह लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर बन गए। बिहार ने इस मैच में 50 ओवरों में 6 विकेट गंवाते हुए 574 रनों का विश्व रिकॉर्ड (लिस्ट-ए क्रिकेट) स्कोर भी बनाया।

वो पहली बार इस साल तब चर्चा में आए थे जब आईपीएल 2025 के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उनको 1.10 करोड़ में खरीदा था। उसके बाद टूर्नामेंट में उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में गुजरात टाइटंस के खिलाफ दूसरा सबसे तेज आईपीएल शतक लगाते हुए इतिहास रचा था, जिसके बाद उन्होंने थमने का नाम नहीं लिया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article