क्रिकेट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की भारत-पाकिस्तान की स्थिति पर करीबी नजर, फंसे हैं 20 से ज्यादा खिलाड़ी और कोच

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों की स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है। पीएसएल और आईपीएल में 20 से ज्यादा कंगारू खिलाड़ी और कोच फंसे हुए हैं।

Image

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया

सिडनी: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर ‘करीबी नजर’ रखे हुए है, क्योंकि 20 से अधिक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और कोच मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आईपीएल पर गुरुवार को उस समय अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे जब आसपास के शहरों में हवाई हमले की संभावना के कारण धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच बीच में ही रद्द करना पड़ा। बीसीसीआई ने स्थिति की समीक्षा के बाद आईपीएल 2025 को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की है हालात पर पैनी नज़र

इस बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान सुपर लीग के बाकी मैचों को यूएई में स्थानांतरित करने का फैसला किया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान में कहा,'हम ऑस्ट्रेलिया सरकार, पीसीबी, बीसीसीआई और स्थानीय सरकारी अधिकारियों से नियमित सलाह और अपडेट प्राप्त करने सहित पाकिस्तान और भारत की स्थिति पर करीबी नजर रखना जारी रखेंगे। हम अपने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के साथ भी संपर्क में हैं।'

20 से ज्यादा खिलाड़ी और कोच कर रहे हैं शिरकत

पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड और कोच रिकी पोंटिंग और ब्रैड हैडिन आईपीएल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि पूर्व बल्लेबाज डेविड वॉर्नर, तेज गेंदबाज रिले मेरेडिथ और सीन एबॉट जैसे खिलाड़ी पीएसएल में खेल रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है और वे जल्द से जल्द भारत छोड़ने के इच्छुक हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article