क्रिकेट

CPL 2025: 202 रन बनाकर भी हार गई गुयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम, शेफर्ड पर भारी पड़ी 21 वर्षीय खिलाड़ी की पारी

CPL 2025: कैरेबियन प्रीमियर लीग का रोमांच मैच दर मैच बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गुयाना अमेजन वॉरियर्स और सेंट लुसिया किंग्स के बीच हुए मैच में अमेजन वॉरियर्स 202 रन बनाने के बावजूद 11 गेंद पहले 4 विकेट से मैच हार गई।

Image

सीपीएल में अमेजन वॉरियर्स को मिली हार (फोटो- STLUCIAINSTAGRAM)

CPL 2025: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 का रोमांच हर गुजरते मैच के साथ बढ़ता जा रहा है। बुधवार को डैरेन सैमी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में सेंट लुसिया किंग्स ने गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 4 विकेट से हराकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।

अमेजन वॉरियर्स की खराब शुरुआत के बाद शेफर्ड का तूफानी प्रदर्शन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुयाना अमेजन वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। 12.1 ओवर तक टीम ने केवल 78 रन बनाए थे और उसके 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में संकटमोचक बने रोमारियो शेफर्ड, जिन्होंने सातवें नंबर पर आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।

शेफर्ड ने केवल 34 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए, जिसमें 7 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके शामिल थे। उनके साथ इफ्तिखार अहमद ने 27 गेंदों पर 33 रन और ड्वेन प्रिटोरियस ने मात्र 6 गेंदों पर 18 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अमेजन वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 202 रन बनाए।

ऑगस्टे की धुआंधार पारी ने बदल दिया मैच

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट लुसिया किंग्स की टीम को भी शुरुआती झटके लगे, लेकिन फिर मैदान पर आए युवा बल्लेबाज अकीम वायने जैरेल ऑगस्टे। उन्होंने वही पारी खेली जो शेफर्ड ने अमेजन वॉरियर्स के लिए खेली थी।ऑगस्टे ने मात्र 35 गेंदों पर 73 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल थे। उनकी इस विस्फोटक पारी ने टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया। इसके अलावा टिम सिफर्ट ने 24 गेंदों पर 37 रन और टिम डेविड ने 15 गेंदों पर 25 रन बनाकर अहम योगदान दिया।सेंट लुसिया किंग्स ने 18.1 ओवर में ही 203 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया और शानदार अंदाज में जीत दर्ज की।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article