Chennai Super Kings vs Gujarat Titans : आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स है, लेकिन आईपीएल के नए सीजन में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस के सामने संभल कर खेलने की जरूरत है। पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद खबरा रहा था। टीम का दो मुकाबले में आमने-सामने हुआ था और दोनों ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हार झेलनी पड़ी थी। इसलिए पिछले प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए धोनी को नए सीजन के लिए रणनीति तैयार करने की जरूरत है।
दो मैच में रहे थे दो कप्तान
पिछले सीजन में शुरुआती कुछ मैचों में रवींद्र जडेजा की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स उतरी थी। लेकिन उन्होंने बीच मैच में कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद धोनी ने दोबारा टीम की कमान संभाली थी। इस दौरान गुजरात के खिलाफ पहले मुकाबले में रवींद्र जडेजा की कप्तानी में चेन्नई उतरी थी। इस मुकाबले में गुजरात ने चेन्नई को तीन विकेट से हराया था। इसी तरह दूसरे मैच में गुजरात के खिलाफ धोनी की कप्तानी में चेन्नई उतरी थी। हालांकि, इस मुकाबले में भी चेन्नई को गुजरात ने 7 विकेट से हराया था।
रुतुराज का चला था बल्ला
चेन्नई के धाकड़ बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ का बल्ला हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ जमकर चलता है। रवींद्र जडेजा की कप्तानी में रुतुरात गायकवाड़ ने गुजरात के खिलाफ 152.08 की स्ट्राइक रेट से 48 गेंद पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 73 रन बनाए थे। इसी तरह धोनी की कप्तानी में रुतुराज ने 108.16 की स्ट्राइक रेट से 49 गेंद पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 53 रन बनाए थे।
थीक्षाना विकेट झटकने में सफल
श्रीलंका के महेश थीक्षाना ने गुजरात के खिलाफ दोनों मुकाबलों में विकेट लेने में सफल रहे। दोनों ही मुकाबलों में महेश ने दो-दो विकेट झटके थे। वहीं, लीग में गुजरात के खिलाफ पहले मुकाबले में ड्वेन ब्रावो ने सबसे ज्याउदा तीन विकेट लिए थे। वहीं, गुजरात के अल्जारी जोसेफ और मोहम्मद शमी ने दोनों मैचों में विकेट चटकाए थे।
