क्रिकेट

Champions Trophy 2025: क्या भारत के साथ चल रही है पर्दे के पीछे बात? पाक विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अगले साल पाकिस्तान की मेजबानी में आयोजित होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की शिरकत सुनिश्चित करने के लिए भारत के साथ पर्दे के पीछे बात नहीं होने की बात कही है।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत ने पाकिस्तान दौरे से किया इनकार
  • हाईब्रिड मॉडल को पाकिस्तान ने सिरे से नकारा
  • पाक विदेश मंत्रालय ने बताया पर्दे के पीछे नहीं चल रही है भारत से बात

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि भारत के साथ पर्दे के पीछे कोई बातचीत नहीं चल रही है क्योंकि पड़ोसी देश ने अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी क्रिकेट टीम भेजने से इनकार कर दिया है। विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच से साप्ताहिक प्रेस कांफ्रेंस में अगले साल की शुरुआत में पाकिस्तान में होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट की स्थिति के बारे में सवाल पूछे गए। उन्होंने कहा,'पाकिस्तान और भारत के बीच चैंपियंस ट्रॉफी और द्विपक्षीय क्रिकेट पर विशेष रूप से चर्चा करने के लिए भारत के साथ पर्दे के पीछे कोई बातचीत नहीं चल रही है।'

खेल को राजनीति के साथ नहीं चाहिए जोड़ना

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन और विभिन्न टीमों की भागीदारी के संबंध में विस्तृत जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पास उपलब्ध है और वही आगे की कोई भी जानकारी साझा कर सकता है। बलूच ने आगे कहा कि खेल टूर्नामेंट को राजनीति के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा,'पाकिस्तान ने हमेशा कहा है कि खेलों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।'

आईसीसी के संपर्क में है पीसीबी

यह पूछे जाने पर कि अगर भारत अपनी टीम भेजने से इनकार करता है तो क्या पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन की योजना जारी रखेगा तो उन्होंने कहा कि पीसीबी टूर्नामेंट में विभिन्न टीमों की भागीदारी सहित व्यवस्थाओं पर चर्चा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के संपर्क में है। उन्होंने कहा, 'हम इस मुद्दे के संबंध में किसी भी टिप्पणी या स्पष्टीकरण के लिए आपको पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बात करने को कहेंगे।'

हाईब्रिड मॉडल पर पाकिस्तान से मांगा है आईसीसी ने जवाब

बीसीसीआई ने आईसीसी को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने में असमर्थता के बारे में सूचित किया है। जवाब में विश्व संचालन संस्था ने ‘हाइब्रिड मॉडल’ में टूर्नामेंट की मेजबानी करने पर पीसीबी से जवाब मांगा है। पिछले साल एशिया कप के दौरान भारत के मैच ‘हाइब्रिड मॉडल’ के अनुसार श्रीलंका में आयोजित किए गए थे जबकि अन्य मैच पाकिस्तान में खेले गए थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article