Champions Trophy 2025, IND vs NZ, Virat Kohli Big Record: चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का रोमांच अब धीरे-धीरे हाई होता जा रहा है। महामुकाबले के आखिरी लीग मुकाबले में दो बार की चैम्पियन भारत और एक बार की चैम्पियन न्यूजीलैंड की टीम आमने-सामने होगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है, लेकिन इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण विराट कोहली के लिए है। दुबई में रविवार को होने वाले मुकाबले के लिए विराट कोहली जैसे ही मैदान पर उतरेंगे। उनके नाम एक और विराट रिकॉर्ड जुड़ जाएगा। 36 साल के कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 300वां वनडे मुकाबला खेलने उतरेंगे। इस मुकाबले में विराट कोहली बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
सातवें भारतीय बनेंगे कोहली
विराट कोहली रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 300वां वनडे मुकाबला खेलने उतरेंगे। वे मैदान पर उतरते ही वनडे में सबसे ज्यादा मुकाबला खेलने वाले सातवें भारतीय बने जाएंगे। विराट कोहली से पहले क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा 463 वनडे मैच खेले हैं। इसके बाद एमएस धोनी 350 वनडे के साथ दूसरे नंबर पर, राहुल द्रविड़ 344 वनडे मैचों के साथ तीसरे नंबर पर, मोहम्मद अजहरुद्दीन 334 वनडे मैचों के साथ चौथे नंबर पर, सौरव गांगुली 311 वनडे मैचों के साथ पांचवें नंबर पर और युवराज सिंह 304 वनडे मैचों के साथ छठवें नंबर पर हैं।
कोहली का ऐसा है वनडे करियर
विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। वे अभी तक 299 वनडे मैच खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 93.41 की स्ट्राइक रेट और 58.20 की औसत से कुल 14085 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 51 शतक और 73 अर्धशतक जड़े हैं। कोहली ने 299 वनडे मैचों में कुल 1318 चौके और 152 छक्के लगाए हैं। इसके अलावा कोहली के नाम वनडे में 5 विकेट भी है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली का रिकॉर्ड
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने 2010 से अभी तक कुल 31 वनडे मैच खेले हैं। कोहली ने 95.69 की स्ट्राइक रेट और 58.75 से कुल 1645 रन बनाए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 154 रन की नाबाद पारी खेली है। इसके अलावा कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतक और 9 अर्धशतक जड़े हैं। हालांकि, वे सिर्फ एक बार जीरो पर आउट हुए हैं।
